मां के साथ हुआ था रेप, आरोपी पर देवास पुलिस ने नहीं लिया एक्शन तो बेटे ने जहर पीकर दे दी जान
रेप पीड़िता के बेटे की मौत के बाद आक्रोशित लोगों ने शनिवार को पुंजापुरा-उदयनगर मार्ग पर भीकूपुरा में शव सड़क पर रखकर रास्ता जाम कर दिया। आरोपी के मका ...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 21 Mar 2026 12:55:56 PM (IST)Updated Date: Sat, 21 Mar 2026 01:18:04 PM (IST)
आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर किया चक्काजाम।HighLights
- आक्रोशित लोगों ने आरोपी की एक झोपड़ी में भी आग लगा दी
- इस दौरान पुलिस की गाड़ी पर भी पथराव कर दिया
- तुरंत कार्रवाई नहीं होने से पीड़िता के 19 साल के बेटे ने दी जान
नईदुनिया न्यूज, उदयनगर (देवास)। देवास जिले के दूरस्थ अंचल उदयनगर थाना क्षेत्र के गांव भीकूपुरा में एक महिला के साथ खेत में दुष्कर्म के मामले में आरोपी पर त्वरित कार्रवाई नहीं होने से व्यथित होकर उसके बेटे ने कीटनाशक पी लिया, उसे उपचार के लिए बागली ले जाया गया लेकिन रास्ते में ही सांसें टूट गईं। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने शनिवार को पुंजापुरा-उदयनगर मार्ग पर भीकूपुरा में शव सड़क पर रखकर रास्ता जाम कर दिया।
इस दौरान आरोपी की एक झोपड़ी में आग लगा दी गई, मकान में तोड़फोड़ की गई व पुलिस वाहन पर पथराव भी किया गया। दोपहर साढ़े बारह बजे तक हालात सामान्य नहीं हो सके थे। मौके पर एएसपी यातायात हरनारायण बाथम, बागली एसडीओपी संजय सिंह बैस, उदयनगर थाना टीआइ सीएल रायकवार सहित पुलिस बल तैनात है।
महिला पुलिस अधिकारी नहीं होने से सुबह आने को कहा
जानकारी के अनुसार गांव की एक महिला के साथ गांव के ही एक आरोपित ने दुष्कर्म किया था। इस मामले में शुक्रवार रात को स्वजन उदयनगर थाने प्रकरण दर्ज करवाने पहुंचे थे। आरोप है कि यहां पुलिस ने महिला अधिकारी नहीं होने की बात करके सुबह आने के लिए कहा।
बाद में पीड़िता के 19 वर्षीय बेटे ने गांव आकर कीटनाशक पी लिया। स्वजन उसे लेकर बागली के सरकारी अस्पताल के लिए रवाना हुए लेकिन रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। शनिवार सुबह पीएम के बाद शव को लाकर ग्रामीणों ने भीकूपुरा में रास्ता जाम कर दिया।
आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर मकान तोड़े
रास्ता जाम कर रहे लोगों ने मांग की कि आरोपित को तत्काल गिरफ्तार किया जाए, वो गांव से फरार हो गया है। गांव में स्थित उसके मकान को बुलडोजर की मदद से ध्वस्त किया जाए। मौके पर मौजूद अधिकारी लोगों को समझाइश देने का प्रयास कर रहे है।
यह भी पढ़ें : कटनी में शराब के नशे में पड़ोसी से फाड़ दिए किशोरियों के कपड़े, करने लगा रेप की कोशिश
बार-बार बयान बदलने की वजह से कार्रवाई प्रभावित हुई
एफआईआर दर्ज नहीं होने के कारणों की जानकारी ली जा रही। प्रथमदृष्टया यह सामने आया है कि पीड़िता द्वारा बार-बार बयान बदलने के कारण त्वरित कार्रवाई प्रभावित हुई। लोगों को समझाइश देकर रास्ता खुलवाने का प्रयास किया जा रहा है। - संजय सिंह बैस, एसडीओपी बागली।