देवास में नकली कीटनाशक बेचने वाले तीन गिरफ्तार, 50 लीटर नकली कीटनाशक जब्त
सूचना पर पुलिस और कृषि विभाग की टीम ने घेराबंदी कर वाहन को रोका। तलाशी के दौरान वाहन से 50 लीटर नकली कीटनाशक बरामद किया गया, जो बिना किसी वैध लाइसेंस ...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 01 Apr 2026 07:38:49 PM (IST)Updated Date: Wed, 01 Apr 2026 07:49:05 PM (IST)
देवास में नकली कीटनाशक बेचने वाले तीन गिरफ्तार।HighLights
- खंडवा और खरगोन जिले के निवासी हैं आरोपित।
- वाहन से 50 लीटर नकली कीटनाशक बरामद हुआ।
- बिना वैध लाइसेंस या पंजीकरण के बेचा जा रहा था।
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास। कृषि विभाग ने कार्रवाई करते हुए किसानों के साथ धोखाधड़ी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। नकली कीटनाशक बेचने के आरोप में तीन व्यक्तियों को पकड़ा गया तथा उनके पास से भारी मात्रा में अवैध उत्पाद और एक कार बरामद की है।
उपसंचालक कृषि गोपेश पाठक ने बताया कि वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी खातेगांव को सूचना मिली थी कि कुछ व्यक्ति एक सफेद रंग की कार में स्टिका न्यूट्रीकेम प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के नाम पर नकली कीटनाशक स्टिका डिफेंडर एफ-16 बाजार में बेचने का प्रयास कर रहे हैं।
इस सूचना पर पुलिस और कृषि विभाग की टीम ने घेराबंदी कर वाहन को रोका। तलाशी के दौरान वाहन से 50 लीटर नकली कीटनाशक बरामद किया गया, जो बिना किसी वैध लाइसेंस या पंजीकरण के बेचा जा रहा था।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने मौके से तीन आरोपितों राजू मोरान्या निवासी सनावद, मनोज बिरला निवासी खेड़ीबुजुर्ग जिला खंडवा एवं शांतिलाल चौधरी निवासी राईझर जिला खरगोन को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के खिलाफ कीटनाशी अधिनियम 1968 की धारा 29 (1) (क), 29 (1) (ख), 29 (1) (ग), और भारतीय न्याय संहिता की धारा 318 (4) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है।
कृषि विभाग के अधिकारियों ने बरामद उत्पाद को पूरी तरह से नकली पाया है, जिससे किसानों की फसल और मिट्टी को गंभीर नुकसान पहुंच सकता था। कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही कृषि उत्पाद खरीदें।
कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने निर्देश दिए हैं कि जिले के किसानों को अच्छी क्वालिटी के खाद, बीज एवं कीटनाशक मिले। उन्होंने कहा कि जिले में अगर कोई भी व्यक्ति नकली या मिलावटी खाद, बीज एवं कीटनाशक बेचते हुए पाए जाए तो उन पर कार्रवाई करें।