धामनोद में मिर्च व्यापारी से लूटपाट, तीन लाख रुपये से भरा बैग छीना - मारपीट कर फरार हुए चार बदमाश
आरोपितों ने उनके साथ मारपीट की, जिससे उनके दाहिने घुटने, हाथ की उंगली और गाल पर चोटें आईं। आरोपितों ने फरियादी का बैग छीन लिया, जिसमें दो लाख 99 हजार ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 23 Jan 2026 09:33:26 PM (IST)Updated Date: Fri, 23 Jan 2026 09:37:31 PM (IST)
धामनोद में व्यापारी से हुई लूट।HighLights
- आरोपितों ने फरियादी का बैग छीन लिया।
- इसमें कुल दो लाख 99 हजार रुपये जमा थे।
- इसके बाद आरोपित वहां से फरार हो गए।
नईदुनिया प्रतिनिधि, धार। धामनोद थाना क्षेत्र में गुरुवार रात लूट की घटना सामने आई है। मिर्च व्यापारी 50 वर्षीय प्रेमनारायण साहू निवासी रुठिआई थाना धरनावदा, जिला गुना ने बताया कि रात करीब तीन बजे मिर्च मंडी जाते समय चार अज्ञात युवकों ने उससे मारपीट कर रुपयों से भरा बैग छीन लिया।
उन्होंने धामनोद पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। 22 जनवरी को फरियादी इंदौर से एक वाहन से आए और रात करीब तीन बजे दूधी गांव के पेट्रोल पंप के पास पहुंचे। वहां से वह पैदल जैतापुर मिर्च मंडी की ओर जा रहे थे। दुग्ध डेयरी के पास पहुंचते ही तीन-चार युवक मोटर साइकिल से आए और उनसे पूछताछ करने लगे।
आरोपितों ने उनके साथ मारपीट की, जिससे उनके दाहिने घुटने, हाथ की उंगली और गाल पर चोटें आईं। आरोपितों ने फरियादी का बैग छीन लिया, जिसमें दो लाख 99 हजार रुपये थे। इसके बाद आरोपित फरार हो गए।
फरियादी ने मोटरसाइकिल का नंबर (एमपी 11- 9772) बताया। धामनोद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है। थाना प्रभारी प्रवीण ठाकरे ने बताया कि घटना की तस्दीक होने के बाद प्रकरण दर्ज किया गया है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।