
नईदुनिया प्रतिनिधि, धार : जिले में कपास की फसल की आड़ में गांजे की खेती का मामला सामने आया है। पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए चार खेतों से गांजे के छोटे-बड़े पौधे जब्त किए हैं।
सरदारपुर, धरमपुरी, गंधवानी और राजोद में हुई इन कार्रवाइयों में पुलिस ने कुल 684 पौधे जब्त किए हैं। इनका कुल वजन 1155.70 किलोग्राम बताया गया है। जब्त गांजे की कीमत लाखों रुपये आंकी गई है। पुलिस ने चारों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार सरदारपुर थाना क्षेत्र के ग्राम खमालिया में तोलाराम पुत्र नंदराम पटलिया के खेत में गांजे के 240 पौधे मिले। इनका वजन 385.100 किलोग्राम और कीमत करीब चार लाख 62 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर पौधे जब्त किए।
इसी तरह धरमपुरी थाना क्षेत्र के ग्राम पांजरिया में राजाराम पुत्र मोना वास्केल के खेत में कपास की फसल के बीच गांजे के छोटे-बड़े 14 पौधे मिले। इनका वजन 50.35 किलोग्राम और कीमत छह लाख चार हजार 200 रुपये आंकी गई है। गंधवानी थाना क्षेत्र के ग्राम कोटा में रमेश पुत्र अमरसिंह सोलंकी के खेत में पुलिस को गांजे के 400 पौधे मिले। इनका कुल वजन 693.25 किलोग्राम बताया गया है।
पुलिस ने जब्त पौधों की कीमत 75 लाख रुपये आंकी है। वहीं राजोद थाना क्षेत्र के ग्राम निपावली में नानालाल पुत्र जगदीश पोपन्ड्या को पुलिस ने खेत में गांजे के पौधे काटते हुए पकड़ा। उसके कब्जे से गांजे के 30 हरे पौधे मिले, जिनका वजन 27 किलो 500 ग्राम और कीमत 30 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने सभी मामलों में जब्ती की कार्रवाई कर आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
यह भी पढ़ें- धार के 7 थाना क्षेत्रों में ₹8.20 करोड़ के गांजे के 6863 पौधे जब्त, 12 मामले दर्ज, एक गिरफ्तार; कई फरार