_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, धार। छोटी दिवाली की खुशियां मातम में बदल गईं, जब एक बेटे ने आपसी विवाद के चलते अपने ही पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। दिल दहला देने वाली यह घटना बाग थाना क्षेत्र के ग्राम जामला के पटेलपुरा में रविवार दोपहर की है। मामूली कहासुनी इतनी बढ़ गई कि बेटे ने लट्ठ से पिता पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोटों के चलते पिता ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
आरोपित फरार है। फरियादी की शिकायत पर बाग पुलिस ने आरोपित के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। फिलहाल पिता-पुत्र के बीच विवाद की असली वजह सामने नहीं आई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, जामला निवासी 40 वर्षीय कुंवरसिंह मोरी खेती-किसानी करते थे। किसी बात को लेकर उनका बेटे अनिल से विवाद हो गया। गुस्से में आकर अनिल ने लट्ठ उठाया और पिता के सिर के पिछले हिस्से तथा दाहिने पैर पर कई वार कर दिए। हमले में कुंवरसिंह गंभीर रूप से घायल हो गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
फरियादी तेरसिंह ने पुलिस को बताया कि आरोपित अनिल इंदौर में मकान निर्माण कार्य में मजदूरी करता है। उसका परिवार भी इंदौर में ही रहता है। छोटी दिवाली के अवसर पर वह अकेला गांव आया था। किसी बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच विवाद हुआ और देखते ही देखते मामला खूनी वारदात में बदल गया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपित अनिल मौके से फरार हो गया।
यह भी पढ़ें- एमपी बोर्ड ने बदला पैटर्न, फिर भी पुराने ढर्रे पर हो रही अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं, असमंजस में 30 लाख विद्यार्थी