धार मर्डर मिस्ट्री: 'भैया को काला बताती थी भाभी, सुंदरता का घमंड था', मृतक के परिजन ने खोला राज
जिले के राजोद थाना क्षेत्र के ग्राम गोंदीखेड़ा चारण में सात अप्रैल की रात हुए देवकृष्ण पुरोहित हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मृतक की पत्नी ...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 09 Apr 2026 09:23:23 PM (IST)Updated Date: Thu, 09 Apr 2026 09:23:23 PM (IST)
HighLights
- प्रेमी के साथ मिलकर पत्नी ने दी थी 1 लाख की सुपारी, पति की हत्या कराई
- खुद को सुंदर और पति को काला बताकर अपमानित करती थी आरोपी प्रियंका
- शुरुआत में लूट का नाटक रचा, पुलिस जांच में वॉट्सएप चैट से खुला राज
नईदुनिया प्रतिनिधि, धार। जिले के राजोद थाना क्षेत्र के ग्राम गोंदीखेड़ा चारण में सात अप्रैल की रात हुए देवकृष्ण पुरोहित हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मृतक की पत्नी प्रियंका पुरोहित ही मुख्य साजिशकर्ता निकली। उसने अपने प्रेमी कमलेश पुरोहित के साथ मिलकर एक लाख रुपये की सुपारी देकर सुरेंद्र भाटी के जरिये पति की हत्या करवाई। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। सुरेंद्र भाटी की तलाश की जा रही है।
बता दें कि मसाला व्यापारी देवकृष्ण की मौत शुरू में लूट और हत्याकांड लगी, क्योंकि रात एक बजे कुछ लोगों द्वारा घर में घुसकर मारपीट करने और करीब तीन लाख के जेवर और नकदी लूटकर ले जाने की जानकारी दी गई। बाद में पुलिस जांच में पता चला कि यह पूरी साजिश प्रियंका ने रची थी।
'भैया को काला बताती और अपनी सुंदरता पर घमंड करती थी प्रियंका'
मृतक की बहन ज्योति पुरोहित ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उसने बताया कि प्रियंका का व्यवहार शुरू से ठीक नहीं था। ऐसा लगता था कि वह जबरदस्ती भैया के साथ रह रही है। दोनों में हमेशा विवाद होता रहता था। प्रियंका को अपनी सुंदरता का घमंड था। वह भाई को काला बताती और कहती थी कि देवकृष्ण मेरे लायक नहीं है। ज्योति के अनुसार, प्रियंका अक्सर मोबाइल चलाती रहती थी। 2020 में उनके किसी अन्य व्यक्ति से संबंधों की जानकारी मिली थी। जब वह गांव आती, कमलेश भी आता था। दोनों खिड़की के जरिये बातें किया करते थे। इसके बावजूद भैया ने कभी जवाब नहीं दिया, वे हर स्थिति में शांत रहे।
दो महीने पहले गला दबाने की भी हुई थी कोशिश
प्रियंका अक्सर उनसे अपमानजनक बातें कहती थी और तलाक की धमकी देती थी। करीब दो महीने पहले उसने देवकृष्ण की कॉलर पकड़कर उसका गला दबाने की कोशिश की थी। ज्योति ने आरोपित को फांसी की सजा दिलाने की मांग की है। मृतक की मां लक्ष्मी बाई ने बताया कि बहू के व्यवहार के चलते परिवार में तनाव बना रहता था। उनके बेटे को कभी चैन से नहीं रहने दिया। कई बार उसने मारपीट भी की। पुलिस की गहन पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के बाद यह स्पष्ट हो गया कि प्रेमी के साथ रहने की चाहत में ही इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया।