प्रेम संबंध में बाधा बना पति, तो धार के मसाला व्यापारी की हत्या, पत्नी ने ही गढ़ी लूट की झूठी कहानी
राजोद थाना क्षेत्र के गांव गोंदीखेड़ा चारण में मसाला व्यापारी देवकृष्ण पुरोहित की हत्या के मामले में हैरान करने वाली कहानी सामने आई है। पुलिस जांच में ...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 07 Apr 2026 10:41:14 PM (IST)Updated Date: Tue, 07 Apr 2026 10:41:14 PM (IST)
धार के मसाला व्यापारी की हत्याHighLights
- राजोद पुलिस की जांच में लूट की जगह अवैध संबंधों में हत्या का मामला निकला
- पत्नी प्रियंका ने प्रेमी और साथियों की मदद से घर में घुसकर कराई पति की हत्या
- आरोपित पत्नी ने खुद को बंधक बताकर पुलिस को गुमराह करने की रची थी कहानी
नईदुनिया प्रतिनिधि, धार। राजोद थाना क्षेत्र के गांव गोंदीखेड़ा चारण में मसाला व्यापारी देवकृष्ण पुरोहित की हत्या के मामले में हैरान करने वाली कहानी सामने आई है। पुलिस जांच में पता चला कि यह लूट नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या थी। इसे पत्नी प्रियंका ने ही प्रेमी और साथियों की मदद से अंजाम दिलाया। पुलिस ने दो आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार प्रियंका के किसी अन्य व्यक्ति से अवैध संबंध थे, पति बाधा बन रहा था। इस कारण उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की पूरी योजना बनाई।
वारदात की रात का सच: बेरहमी से पीट-पीटकर ली जान
वारदात की रात आरोपितों को घर में प्रवेश दिलाया गया और देवकृष्ण को अलग कमरे में ले जाकर बेरहमी से पीटा गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई और उसकी मौत हो गई। सोमवार रात हुई इस घटना में पहले बदमाशों द्वारा घर में घुसकर दंपती से मारपीट, पत्नी को बंधक बनाना और लाखों के आभूषण व नकदी लूटने की कहानी सामने आई थी, लेकिन जांच के दौरान मामले की दिशा ही बदल गई।
ऐसे गढ़ी कहानी: खुद को पीड़ित बताकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश
प्रियंका ने पुलिस को बताया था कि चार-पांच बदमाश घर में घुसे, उसे बांध दिया, मारपीट की और कपड़े फाड़ दिए। साथ ही सास की अलमारी में ननद की शादी के लिए रखे रुपये, चांदी के कड़े, पायल, चूड़ियां, अंगूठी और बिछिया लूट ले गए। उसने खुद को पीड़ित बताकर वारदात को लूट साबित करने की कोशिश की, लेकिन जांच में यह कहानी झूठी निकली। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपितों की गिरफ्तारी की जाएगी।
यह भी पढ़ें- किसानों के लिए बड़ी खबर... एमपी में 9 अप्रैल से शुरू होगी गेहूं की खरीदी, सीएम ने बदला शेड्यूल और दिए कड़े निर्देश