धार में अधीक्षिका की दोबारा पोस्टिंग से भड़कीं छात्राएं, छात्रावास से 15 किमी पैदल निकलीं
ग्राम सिंघाना स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय छात्रावास में अधीक्षिका की दोबारा पदस्थापना को लेकर गुरुवार को छात्राओं का आक्रोश खुलकर सामने आया। पूर्व में...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 03 Sep 2026 06:48:34 PM (IST)Updated Date: Thu, 03 Sep 2026 06:48:34 PM (IST)
मनावर एसडीएम से चर्चा के लिए सिंघाना छात्रावास से पैदल निकलीं छात्राएं। (नईदुनिया प्रतिनिधि)HighLights
- सिंघाना से 40 छात्राओं के मनावर रवाना होने की सूचना पर प्रशासन हरकत में आया
- तहसीलदार और बीईओ ने सिंघाना पहुंचकर सुनीं समस्याएं
- छात्रावास में अधीक्षिका की दोबारा पदस्थापना को लेकर छात्राओं का आक्रोश सामने आया
नईदुनिया न्यूज, मनावर-सिंघाना (धार) : ग्राम सिंघाना स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय छात्रावास में अधीक्षिका की दोबारा पदस्थापना को लेकर गुरुवार को छात्राओं का आक्रोश खुलकर सामने आया।
पूर्व में शिकायतों के बाद छात्रावास से हटाई गई अधीक्षिका की पुनः पदस्थापना की जानकारी मिलने के बाद 40 से अधिक छात्राएं अपनी शिकायत और आपत्ति लेकर करीब 15 किमी दूर मनावर स्थित एसडीएम कार्यालय जाने के लिए पैदल निकल पड़ीं। बड़ी संख्या में छात्राओं के सड़क पर निकलने की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला सक्रिय हुआ और तहसीलदार विजय तलवारे तथा बीईओ मुन्नालाल ठाकुर मौके पर पहुंचे।
अधिकारी छात्राओं से मिले और उनकी समस्याएं सुनीं।
अधिकारी सिंघाना में हरसिद्धि मंदिर के समीप छात्राओं से मिले और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान छात्राओं ने पूर्व छात्रावास अधीक्षिका मंजू चौहान को लेकर अपनी शिकायतें अधिकारियों के सामने रखीं। छात्राओं का कहना था कि पूर्व में भी उनके व्यवहार और छात्रावास में मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता को लेकर शिकायतें की गई थीं। इन शिकायतों के बाद अधीक्षिका को छात्रावास से हटा गया था।
जानकारी मिलते ही छात्राओं में नाराजगी फैल गई
छात्राओं के अनुसार उनके हटने के बाद छात्रावास की व्यवस्थाओं में सुधार हुआ और उन्हें बेहतर माहौल मिला। छात्राओं ने अधिकारियों को बताया कि अब दो सितंबर को मंजू चौहान की दोबारा सिंघाना स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय छात्रावास में पदस्थापना कर दी गई है। जैसे ही इसकी जानकारी छात्राओं को मिली, उनमें नाराजगी फैल गई।
छात्राओं का कहना है कि जिन शिकायतों के आधार पर पूर्व में अधीक्षिका को हटाया गया था, उन्हीं परिस्थितियों में उनकी दोबारा पदस्थापना किए जाने से छात्राओं में असुरक्षा और असंतोष की स्थिति बनी है। इसी के विरोध में छात्राएं सामूहिक रूप से अपनी बात प्रशासन तक पहुंचाने के लिए मनावर की ओर रवाना हुई थीं।
अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर संभाला मामला
छात्राओं के मनावर की ओर रवाना होने की सूचना मिलने पर तहसीलदार तलवारे और बीईओ ठाकुर सिंघाना पहुंचे। अधिकारियों ने छात्राओं से बातचीत कर उनकी शिकायतों को गंभीरता से सुना और पूरे मामले की जानकारी ली। छात्राओं ने अपनी मांग और आपत्तियां अधिकारियों के समक्ष रखते हुए कहा कि उनकी पूर्व शिकायतों और वर्तमान परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए ही अधीक्षिका की पदस्थापना को लेकर निर्णय लिया जाए।
समस्याओं का जल्द ही निराकरण करने का आश्वासन दिया
बताया कि सिंघाना का सीनियर बालिका छात्रावास जिला शिक्षा अधिकारी के अधीन है। जानकारी के अनुसार पूर्व में मंजू चौहान का स्थानांतरण गंधवानी किया गया था। बाद में स्टे लेने के पश्चात वे मूल रूप से बोरूद में कार्यरत थीं। अब उनकी पुनः सिंघाना के कस्तूरबा गांधी आवासीय छात्रावास में पदस्थापना किए जाने से छात्राओं में विरोध की स्थिति बनी है। फिलहाल प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा छात्राओं से बातचीत कर उनकी शिकायतों और आरोपों की जानकारी जुटाकर समस्याओं का जल्द ही निराकरण करने का आश्वासन दिया गया।