
नईदुनिया न्यूज, मनावर (धार)। भीषण गर्मी के बीच बिजली व्यवस्था चरमराने लगी है। तापमान में बढ़ोतरी के साथ ट्रांसफार्मरों पर लोड बढ़ने से विभिन्न क्षेत्रों में बार-बार खराबी आ रही है, जिससे नगरवासियों को घंटों बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है। मंगलवार रात्रि में धार रोड, सिंघाना रोड और गांधीनगर क्षेत्र में लंबे समय तक विद्युत आपूर्ति बाधित रही, जिससे लोग उमस भरी गर्मी में परेशान होते रहे।
धार रोड स्थित ग्रीन गार्डन कालोनी में मंगलवार रात अचानक ट्रांसफार्मर में आग लग गई। आग की लपटें उठते देख रहवासी घबराकर घरों से बाहर निकल आए। तत्काल विद्युत कंपनी कर्मचारियों से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद नगर पालिका को सूचना दी गई, जिस पर फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और बिजली आपूर्ति बंद कर आग पर विजय तोमर व अमित तोमर द्वारा काबू पाया गया।
रहवासियों ने बताया कि ट्रांसफार्मर में आग लगने के बाद कई घंटे तक बिजली बंद रही। ट्रांसफार्मर बदलने की मांग की गई। भीषण गर्मी में छोटे बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ी। देर रात कर्मचारियों ने अस्थायी मरम्मत कर रात करीब दो बजे बिजली आपूर्ति बहाल की, लेकिन बुधवार सुबह तक ट्रांसफार्मर की स्थायी मरम्मत नहीं की गई। इससे रहवासियों में फिर से हादसे की आशंका बनी हुई है। इसी प्रकार सिंघाना रोड क्षेत्र में केबल जलने से कई घंटे तक बिजली बंद रही, जबकि गांधीनगर में भी ट्रांसफार्मर ओवरलोड होने के कारण बार-बार सप्लाई बाधित होती रही। गर्मी में बिजली की आंख-मिचौनी से लोगों में आक्रोश है।
राजगढ़। नगर में मंगलवार रात बिजली की लुकाछुपी लंबे समय तक चलती रही। ऐसे में लोग परेशान हुए। कई वार्डों में बिजली गुल होती रही और यह सिलसिला रात करीब 2ः45 बजे तक चलता रहा। बुजुर्ग और बच्चों का भीषण गर्मी में रहना मुश्किल हो गया है। इसको लेकर भाजपा नेता नीलेश सोनी ने ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के निजी सचिव अरुण से चर्चा की। सोनी ने बताया कि नगर में लगी पुरानी डीपी और केबलों के कारण लगातार फाल्ट हो रहे हैं, जिन्हें दुरुस्त करने के लिए विद्युत कंपनी के पास पर्याप्त स्टाफ मौजूद नहीं है। पूर्व कैबिनेट मंत्री राजवर्धनसिंह दत्तीगांव एवं भाजपा जिलाध्यक्ष नीलेश भारती को भी इस समस्या से अवगत है। लोगों का कहना है कि मेंटेनेंस के नाम पर पहले भी कई बार दिन में और सुबह बिजली घंटों गुल रही है, लेकिन जब मेंटेनेंस किया गया, तो फिर बिजली बार-बार गुल क्यों हो रही हैं?