
नईदुनिया प्रतिनिधि, गुना। 11वीं कक्षा की छात्रा रूबी अहिरवार के दिल में छेद है। डॉक्टरों ने इलाज जरूरी बताया है। पिता के पास इतने रुपये नहीं हैं कि वह बेटी का इलाज करा सके। उनके पास आयुष्मान कार्ड है, लेकिन आधार कार्ड को लेकर सिस्टम की एक जिद उसके इलाज में दीवार बन गई है।
दरअसल, गुना जिले के डिबिया मानपुर में रहने वाली रूबी अहिरवार पढ़ाई में आगे बढ़ना चाहती है। तीन साल पहले बमोरी के छात्रावास में नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान पता चला कि उसके दिल में छेद है। उस समय वह नौवीं कक्षा में थी।
रूबी के पिता धनराम अहिरवार एक गरीब किसान हैं। उनका कहना है कि डॉक्टरों ने दिल की बीमारी के इलाज की सलाह दी, लेकिन आधार कार्ड निरस्त होने की वजह से रूबी का इलाज आयुष्मान भारत योजना से नहीं हो पा रहा है। इलाज महंगा है और उनके पास संसाधन कम हैं। वे तीन साल से दफ्तरों में भटकने के बाद भी अपनी बेटी की पहचान साबित नहीं कर पाए हैं। उन्होंने गुना, भोपाल और दिल्ली तक संपर्क किया। आधार अपडेट और सुधार के लिए कई बार प्रयास किए, लेकिन हर बार तकनीकी कारण सामने आता रहा।
रूबी के परिवार ने बेटी के इलाज और आधार समस्या के समाधान के लिए पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया से भी गुहार लगाई। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों और आधार केंद्र संचालक से बात की गई और रूबी को आधार सेंटर भेजा गया। साथ ही जल्द इलाज का भरोसा दिलाया है। इधर, पीड़ित परिवार ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया व मुख्यमंत्री से भी गुहार लगाई है कि जल्द आधार कार्ड बनवाकर आयुष्मान योजना का लाभ दिलाया जाए।
इस मामले में ई-गवर्नेंस प्रबंधक गौतम श्रीवास्तव ने बताया कि रूबी का आधार कार्ड बना हुआ था। लेकिन उसकी छोटी बहन अंजली के आधार कार्ड में रूबी के फिंगरप्रिंट मर्ज हो गए। इससे रूबी का आधार कार्ड निरस्त हो गया। छोटी बहन की मृत्यु हो चुकी है, जिससे परेशानी हो रही है। करीब एक महीने पहले ही यह समस्या पता चली।
उससे पहले रूबी के स्वजन अन्य समस्याएं बताते रहे, जो वाजिब न होने से रूबी का आधार कार्ड नहीं बन रहा था। हालांकि, अब हमने रूबी की बीमारी बताते हुए वरिष्ठ कार्यालय पत्राचार और मेल किए हैं। इसमें कहा है कि दोनों आधार निरस्त किए जाएं, ताकि रूबी का नया बनाया जा सके। इस मामले में लगातार फालो भी कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें- यूपी में दूल्हा-दुल्हन और गवाहों की पहले आधार से होगी पहचान फिर होगा विवाह का रजिस्ट्रेशन
इसमें मुख्य समस्या रूबी के फिंगरप्रिंट छोटी बहन के आधार कार्ड में मर्ज होना है, जिससे उसका आधार निरस्त हो गया है। इस समस्या का समाधान दिल्ली से होना है इसलिए हमने भोपाल और दिल्ली को मेल किया है। जल्द ही रूबी का आधार कार्ड बनवाया जाएगा- किशोरकुमार कन्याल, कलेक्टर गुना।