
नईदुनिया प्रतिनिधि, गुना। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के नेताओं ने मंगलवार को क्रांतिवीर तात्या टोपे विश्वविद्यालय में बवाल कर दिया। कुलगुरु के कार्यालय में घुसने की कोशिश कर रहे छात्र नेताओं ने तीन कर्मचारियों को पीट दिया, वहीं कुलगुरु के चैंबर में भी तोडफोड़ की। विश्वविद्यालय प्रशासन ने कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखा है।
अभाविप ने मंगलवार दोपहर परिसर में प्रदर्शन शुरू कर दिया। वे लोग विश्वविद्यालय प्रशासन पर अनियमितता का आरोप लगा रहे थे। संगठन के नगर मंत्री अंकित शर्मा का कहना है कि यहां पुस्तकालय में पुस्तकें नहीं हैं। बसों की सुविधा नहीं बन पाई। शोधकेंद्र का कोड भी जारी नहीं किया गया। कर्मचारियों की भर्ती में अनियमितता हुई है। इसी कारण प्रदर्शन किया गया। बताया जाता है कि प्रदर्शनकारी नारे लगाते हुए कुलगुरु के कार्यालय में जाने लगे तो सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोक लिया।
इससे भड़के छात्र नेताओं ने हंगामा शुरू कर दिया। इस हंगामे के बीच कुलगुरु के चैंबर में लगा कांच का दरवाजा टूट गया। विश्वविद्यालय प्रशासन का आरोप है कि छात्र नेताओं ने दो आउटसोर्स कर्मचारियों प्रसन्न दुबे और अमित वाल्मीकि से मारपीट की है। इसमें एक को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है। हंगामे की सूचना पर पुलिस बल पहुंचा उसके बाद छात्र नेताओं को नियंत्रित किया जा सका। विश्वविद्यालय प्रशासन की शिकायत पर अभी तक पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया है।
इसे भी पढ़ें... दस घंटे से अधिक किसानों को दी बिजली तो कटेगा वेतन, कांग्रेस ने सरकार को घेरा