समर्थन मूल्य, खाद संकट और मुआवजे की मांग को लेकर सड़क पर उतरे किसान
नईदुनिया प्रतिनिधि, गुना। गुना में किसानों के आंदोलन ने गुरुवार को बड़ा रूप ले लिया। किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर हाईवे बायपास बिलोनिया चक पर चक्काजाम किया गया, जिससे हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सुबह 11 बजे से जारी प्रदर्शन के कारण ट्रकों और अन्य भारी वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही।
प्रदर्शन का नेतृत्व जयवर्धन सिंह कर रहे हैं। आंदोलन में बड़ी संख्या में किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
हाईवे पर फंसे वाहन, दोपहिया चालकों को भी परेशानी
चक्काजाम के चलते हाईवे पर ट्रकों की लंबी लाइन लग गई। कई छोटे-बड़े वाहन घंटों तक फंसे रहे। दोपहिया वाहन चालक भी मुश्किल से रास्ता निकाल पाए। हालांकि प्रदर्शनकारियों ने एंबुलेंस को निकलने दिया।
सिंधिया और शिवराज के खिलाफ नारेबाजी
प्रदर्शन के दौरान किसानों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ नारेबाजी की। आंदोलन में अशोकनगर प्रभारी लक्ष्मी यादव भी मौजूद रहीं।
इन मांगों को लेकर सड़क पर उतरे किसान
किसानों का कहना है कि वे लंबे समय से समस्याओं से जूझ रहे हैं, लेकिन समाधान नहीं हो रहा। प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगें हैं:
- समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी में अनियमितताओं को रोकना
- फसल नुकसान का उचित मुआवजा
- खाद की कमी दूर करना
- टोकन व्यवस्था समाप्त करना
- किसानों पर दर्ज FIR और चालान वापस लेना
- बिजली और पानी की समस्या का समाधान
- शॉर्ट सर्किट से लगी आग से हुए नुकसान पर राहत देना
पुलिस-प्रशासन अलर्ट
स्थिति को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। पुलिस बल मौके पर तैनात है और ट्रैफिक व्यवस्था संभालने की कोशिश की जा रही है।