
नवदुनिया प्रतिनिधि, गुना। जिले के बमोरी थानाक्षेत्र में नवविवाहिता महिला को मां से मिलाने का झांसा देकर तीन युवकों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। महिला की हालत बिगड़ी, तो युवक उसे शिवपुरी मेडिकल कॉलेज के बाहर लावारिस छोड़कर भाग गए। सूचना पर पहुंचे स्वजन उसे गंभीर हालत में बमोरी थाना लेकर पहुंचे, जहां पुलिस ने एफआईआर की बजाए जांच की बात कहकर लौटा दिया। इधर, पीड़िता ने घर लौटकर जहरीला पदार्थ खा लिया, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर देर रात तीनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार पीड़ित महिला मायके में ही रह रही थी। 25 अप्रैल को उसकी मां समीप के गांव में तेरहवीं के कार्यक्रम में शामिल होने गई थी। घर पर पीड़िता अकेली थी। इसी दौरान समाज का ही युवक रामू दोपहर करीब तीन बजे महिला के घर पहुंचा। साथ ही झूठ बोलकर कि उसकी मां ने बुलाया है, इसी झांसे में आकर महिला उसकी मोटरसाइकिल पर बैठ गई। रास्ते में महिला ने रास्ता बदलने पर सवाल भी किया, लेकिन युवक उसे डराकर जंगल की ओर ले गया।
यहां पहले से ही रामू के दो दोस्त विजय मीना और अभिषेक शिकारी मौजूद थे। इन तीनों ने महिला के साथ बारी-बारी से सामूहिक दुष्कर्म किया। इस दौरान महिला की हालत बिगड़ने लगी, तो तीनों युवक उसे शिवपुरी ले गए, जहां महिला को मेडिकल कालेज के बाहर फेंककर भाग गए। इधर, स्वजन उसकी तलाश में भटक रहे थे। स्वजनों ने शुरुआत में संदेही रामू से पूछताछ की, तो वह साफ मुकर गया।
बाद में रामू ने अपने एक रिश्तेदार को पूरी सच्चाई बता दी, जिसके माध्यम से स्वजनों को पता चला कि उनकी बेटी शिवपुरी अस्पताल में है, जहां से स्वजन उसे वापस घर लाए और 26 अप्रैल को फरियाद लेकर बमोरी थाने पहुंचे। स्वजनों के मुताबिक थाने में पुलिस ने जांच की बात कहकर भगा दिया। इससे आहत पीड़ित महिला ने घर आकर जहरीला पदार्थ खा लिया, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यहां उसका इलाज जारी है।
इस मामले में बमोरी थाना प्रभारी दिलीप राजौरिया ने बताया कि उक्त घटना 25 अप्रैल की है, जिसमें तीन युवकों ने विवाहित महिला से दुष्कर्म किया। 26 अप्रैल को स्वजन पीड़िता को लेकर थाने आए थे, लेकिन उस समय उन्होंने गैंगरेप की बात नहीं कही थी। उन्होंने बताया था कि गांव का ही युवक उसे जबरन भगाकर ले गया था।
यह भी पढ़ें- नशे के खिलाफ भोपाल में बड़ी कार्रवाई, स्मोकिंग रोल पेपर बेचने पर पहली FIR दर्ज, कमिश्नर ने दी चेतावनी
इस पर स्वजनों को जांच के बाद आगे की कार्रवाई की बात कही थी। पीड़िता द्वारा जहरीला पदार्थ खाने के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, तब सामूहिक दुष्कर्म की बात बताई गई। इस पर तत्काल शून्य पर कायमी कर 27 अप्रैल की रात में ही तीनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया, जिन्हें मंगलवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार बमोरी थाना पुलिस तीनों युवकों को गिरफ्तार करने के बाद डीएनए जांच करा रही है। हालांकि, पीड़ित महिला के स्वजनों को साक्षी बनाना था, लेकिन कई बार बुलाने के बाद भी स्वजन नहीं पहुंचे, तो पुलिस को मजबूरी में पीड़िता के पति को साक्षी बनाकर डीएनए जांच कराई जा रही है।