
नईदुनिया प्रतिनिधि, गुना। मध्य प्रदेश के गुना से भाजपा विधायक पन्नालाल शाक्य ने रविवार को बिरसा मुंडा जयंती पर आयोजित जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में कहा कि देश में कोई आदिवासी नहीं है। उनके अनुसार, भौगोलिक परिवेश के आधार पर पहाड़ों में रहने वाले गिरिवासी, वनों में रहने वाले वनवासी, गांवों में रहने वाले ग्रामवासी और शहरों में रहने वाले नगरवासी हैं। उन्होंने सवाल किया कि यदि तुम आदिवासी हो तो फिर हम क्या हैं, क्या हम बाहर से आए हैं?
शाक्य ने दावा किया कि मूल समाज में आदिवासी, पुरवासी, जनजाति, अनुसूचित जाति, अगड़े और पिछड़े जैसे भेद नहीं थे। उन्होंने कहा कि कुछ ताकतें समाज को बांटकर लोगों को आपस में उलझाए रखना चाहती हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि कुछ बड़े नेता मंचों से बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर का नाम लेते हैं, लेकिन किसी आदिवासी को मुख्यमंत्री नहीं बनाते। उनके मुताबिक, ऐसी राजनीति में नेता के बेटे या भाई को ही कुर्सी मिलती है। उन्होंने कहा कि सभी परिवारवाद और जातिगत राजनीति के इसी चक्रव्यूह में फंसे हुए हैं।
यह भी पढ़ें- MP में सरकारी अस्पतालों की भारी कमी, जरूरत से 813 PHC और 3,740 उप स्वास्थ्य केंद्र कम, आधे डॉक्टर भी नहीं
बता दें कि विधायक शाक्य अपने बयानों को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहते हैं। अगस्त में उन्होंने बलराम कृषि महोत्सव को संबोधित करते हुए कहा था कि रामायण, महाभारत सहित इतिहास के सभी युद्ध महिलाओं के कारण हुए, जिनमें केवल पुरुष मारे गए और एक भी महिला नहीं मरी।
इसके पहले एक कार्यक्रम में उन्होंने देशभक्ति के गीत की पंक्ति का जिक्र करते हुए कहा था कि 'हम वतन के लिए जान क्यों दें, क्या हमारी जान इतनी सस्ती है?