

नवदुनिया प्रतिनिधि, गुना। शहर में हाल में हुई तेज बारिश के बाद बने हालातों पर क्षेत्रीय विधायक पन्नालाल शाक्य ने तंज कसा है। उन्होंने कहा कि अपन सब सरकार के भरोसे रहते हैं, ये अपनी बहुत बड़ी चूक और गलती है। वहीं सरकार को लेकर उन्होंने कहा कि शासन के जो जवाबदार हैं, वो गैर जवाबदार हैं।
दरअसल, मंगलवार को जिले में सीजन की सबसे तेज बारिश हुई थी। करीब तीन घंटे की वर्षा से शहर के कई हिस्से जलमग्न हो गए थे। कई घरों में पानी भर गया था, तो गोविंद गार्डन में एक महिला को रेस्क्यू कर घर से बाहर निकाला गया था।
नानाखेड़ी क्षेत्र में सड़क पर कई फीट पानी भरने से आवागमन बाधित हुआ था। इस पर गुना विधायक शाक्य ने कहा कि हमने तो दो महीने पहले ही नपाध्यक्ष और कलेक्टर को पत्र लिखकर आगाह कर दिया था। इसमें कहा था कि आगामी बारिश से पहले काम जल्दी करा दो। ये नालियां साफ हो जाएं, ताकि जनमानस परेशान न हो।
उन्होंने कहा कि इस बारिश में भी कई कॉलोनियों में घुटने तक पानी पहुंच गया, घरों में भी भर गया। लोगों को दूसरी मंजिल पर सामान रखना पड़ा। अपन सब सरकार के भरोसे रहते हैं, ये अपनी बहुत बड़ी चूक है, अपनी गलती है। सही मायने में तो समाज को जागृत करना चाहिए और समाज को इस काम के लिए प्रेरित करना चाहिए।मैं जो जवाबदार हैं, उनके विषय में कुछ नहीं कह रहा। केवल समाज की बात कर रहा हूं।
विधायक शाक्य ने कहा कि समाज से ही तो सरकार बनती है। समाज अपने हित के लिए सरकार का निर्माण करता है, तो अब समाज जाग जाए। आने वाले समय में इससे भी ज्यादा घटनाएं, दुर्घटनाएं होंगी। अगर हम सरकार के भरोसे बैठे रहे, तो जन, धन की हानि होती जाएगी। बाकी कुछ नहीं कहना, जो कहना था वो दो महीने पहले ही कह दिया था।
विधायक शाक्य ने कहा कि शासन के जो जवाबदार लोग हैं, वो गैर जवाबदार हैं। इसलिए समाज को ही करना पड़ेगा। गलत चीजों के लिए समाज को जागना पड़ेगा। आज कई ऐसे बिंदु पड़े हैं, जिन पर समाज मौन है। वैसे ही मौन है, जैसे महाभारत की भरी सभा में बड़े बुद्धिमान, बुद्धिजीवी मौन रहे। उसका परिणाम खराब निकला था।
यह भी पढ़ें- विदिशा के बाद मैहर से चिंताजनक तस्वीर, चट्टानों पर संभालकर पैर रखकर स्कूल जाते हैं बच्चे