
नवदुनिया प्रतिनिधि, गुना। कैंट थानाक्षेत्र के तहत नानाखेड़ी मंडी रोड पर बीती रात कुछ युवक बीच सड़क पर जीप खड़ी कर केक काटते हुए बर्थ-डे पार्टी मना रहे थे। वे काफी शोर कर रहे थे। इस पर समीप में रहने वाले भाजपा नेता व स्वजनों ने टोका, युवकों को उनका टोकना इतना बुरा लगा कि जीप स्वजनों पर चढ़ा दी। घटना में भाजपा नेता के परिवार के चार व्यक्ति घायल हुए हैं, जिनका उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने आरोपितों की पहचान कर प्रकरण दर्ज किया है। वहीं आरोपित पक्ष ने भी आरोप लगाए हैं।
जानकारी के अनुसार वार्ड एक की पार्षद राधा कुशवाह के ससुर व पूर्व पार्षद व भाजपा नेता गेंदालाल कुशवाह सहित उनके चार स्वजन पर जीप चढ़ाई गई। गेंदालाल कुशवाह ने बताया कि पड़ोस में ही रहने वाले कुछ युवक काफी शोर कर रहे थे। इससे दुकान पर ग्राहकों को परेशानी आ रही थी। इसी बात पर युवकों को शोर करने व गालियां देने से मना किया था। उन्हें कहा था घर में महिलाएं भी हैं।
इसी बात पर युवकों ने पहले हाथापाई की, मारपीट के लिए डंडे लेकर आ गए। इसके बाद अपनी जीप हम लोगों पर तेजी से चलाकर चढ़ा दी। घटना देर रात करीब 9.30 बजे के बाद की है। इसमें राजू कुशवाह जीप की टक्कर से हवा में उछलकर एक तरफ जा गिरा। सभी को सिर व हाथ-पैरों में चोट आई हैं। आरोपितों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को भी नुकसान पहुंचाया, जो आए दिन इस तरह सड़क पर उत्पात मचाते रहते हैं। घटना में गोपाल आदि घायल हुए हैं।
इधर दूसरे पक्ष के पुष्पेंद्र रघुवंशी पुत्र देवेंद्र ने बताया कि उनके बड़े भाई पुष्पेंद्र का जन्मदिन वह लोग मना रहे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोग छत पर से वीडियो बना रहे थे। ऐसा मना करने पर नीचे आकर झगड़ा करने लगे। ईंट भी फेंकी। इसमें विकास कुशवाह, जीतू रघुवंशी आदि लोग घायल हो गए। आरोप है कि इस दौरान फायरिंग की गई।
घटना के बाद घायल भाजपा नेता व उनके स्वजनों से मिलने पार्टीजन जिला अस्पताल में मिलने पहुंचे। भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिकरवार ने घायलों का हाल जाना। इस दौरान अरविंद गुप्ता, मोहित नामदेव आदि मौजूद रहे। पार्टीजन ने चिकित्सकों को उचित उपचार के लिए कहा।
यह भी पढ़ें- 'भारत की बेटियों का इंतजार अब खत्म हुआ...', नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर बोलीं बीजेपी प्रवक्ता अर्चना चिटनीस
भाजपा नेता व स्वजन पर जीप चढ़ाने का एक वीडियो भी घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे में दर्ज हुआ है। इसमें जीप चालक तेजी से वाहन चलाते हुए सड़क पर मौजूद भाजपा नेता व उनके स्वजन पर जीप चढ़ाते हुए दिखाई दे रहा है। मामले में पुलिस ने कुछ नामजद सहित अन्य पर प्रकरण दर्ज किया है।
नानाखेड़ी क्षेत्र में बीती रात हुई घटना का वीडियो भी सामने आया है। पुलिस घटना को लेकर उचित वैधानिक कार्रवाई कर रही है।- हितिका वसल, एसपी गुना