
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। बिजौली के खेरिया मोदी गांव में महज नौ हजार रुपये के लेनदेन का झगड़ा खूनी खेल में बदल गया। दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे और सरिये चले। इस दौरान बंदूक और पिस्टल से गोलियां भी चली। एक बुजुर्ग को दो गोली लगी हैं। जबकि दोनों पक्षों की ओर से चार लोग लाठी, डंडे और लोहे की राड से चोट लगने से घायल हुए हैं। पांचों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले में बिजौली थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से क्रास एफआईआर दर्ज की है। दोनों ही पक्ष एक-दूसरे पर रुपये उधार लेने का आरोप लगा रहे हैं।
मैं खेती करता हूं। पड़ोस में ही मोहर सिंह बघेल, उसके बेटे साहब सिंह, राजेश बघेल, राहुल बघेल और राजेश का साला आनंद बघेल रहते हैं। मुझसे मोहर सिंह ने पिछले माह 20 हजार रुपये उधार लिए थे। इसमें से नौ हजार रुपये कुछ दिन बाद वापस कर दिए। मैंने जब बाकी रुपये मांगे तो कुछ दिन में लौटाने की बात कही। इन लोगों ने रात करीब नौ बजे मुझे रुपये लौटाने के लिए बुलाया। मुझसे कहा कि 11 हजार रुपये वापस ले जाओ। इसके बाद अंदर घेर लिया और कहा कि सारे रुपये भूल जाओ। अब यह पैसा वापस नहीं मिलेगा। फिर यह लोग मुझे पीटने लगे। मुझे जमीन पर धक्का देकर गिरा दिया। मेरी मां देवी बाई और पिता शिवराज बघेल भी वहां आ गए। ठस पर साहब सिंह के पिता मोहर सिंह ने पिता को धक्का दिया। साला आनंद लाठी लेकर आ गया। उसने मां को लाठी मारी। फिर मोहर सिंह के बेटे राहुल और राजेश बंदूक व पिस्टल लेकर आ गए। इन लोगों ने गोलियां चलाई। पिता की कलाई और सीने के पास गोली लगी। मुझे और मेरी मां को लाठी, सरिये से पीटा। फिर आरोपित भाग गए।
दीपक बघेल। जैसा कि उसने नईदुनिया को बताया।
मैं रात को अपने घर पर था। मुझसे पड़ोस में रहने वाले दीपक बघेल ने पिछले महीने नौ हजार रुपये आनलाइन उधार लिए थे। जब मैंने रुपये मांगे तो दीपक, उसका पिता शिवराज बघेल व अन्य स्वजन आ गए। इन लोगों ने रुपये लौटाने से इंकार कर दिया। इसके बाद इन लोगों लाठी, सरिये से हमला कर दिया। मुझे व मेरे भाई साहब सिंह और पिता मोहर सिंह के साथ इन लोगों ने बेरहमी से मारपीट की। सिर, मुंह व हाथों में चोट आई। सिर से खून बहने लगा। इसके बाद यह लोग जान से मारने की धमकी देकर भाग गए।
राजेश बघेल। जैसा कि उसने नईदुनिया को बताया।
इन पर दर्ज हुई एफआईआर
दीपक बघेल की ओर से मोहर सिंह, साहब सिंह बघेल, राजेश बघेल, राहुल बघेल, आनंद बघेल पर एफआईआर दर्ज की है। वहीं राजेश बघेल की ओर से शिवराज बघेल, दीपक बघेल, गौरव बघेल, सौरभ बघेल पर हत्या के प्रयास की एफआईआर दर्ज की है।
नौ हजार रुपये के लेनदेन को लेकर दो पक्षों में जमकर विवाद हुआ है। लाठी-डंडे चले और गोलियां भी चलीं। दोनों पक्षों के लोग घायल हैं। इसके चलते क्रास एफआईआर दर्ज की गई है।
मनीष यादव, एसडीओपी, बेहट