फेसबुक पर युवती ने खुद को एनआरआई बताकर की दोस्ती, ऑनलाइन ट्रेडिंग का झांसा देकर फंसाया, युवक से 6.17 लाख ठगे
युवती के कहने पर अलग-अलग बार में 6.17 लाख रुपये निवेश कर दिए। जब रुपये निकालना चाहे तब ठगी का पता लगा। युवक की शिकायत पर महाराजपुरा थाना पुलिस ने एफआई ...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 02 May 2026 10:49:57 PM (IST)Updated Date: Sat, 02 May 2026 10:55:20 PM (IST)
ग्वालियर में सामने आया साइबर ठगी का मामला।HighLights
- ईबीसी ग्लोबल सीएस ट्रेडिंग कंपनी में निवेश का कहा।
- मोटा मुनाफा मिलेगा। जिसमें उन्हें मुनाफा भी हुआ था।
- अजय ने युवती के बताए अनुसार निवेश भी कर दिया।
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर के महाराजपुरा इलाके में रहने वाले युवक के साथ साइबर ठगी का मामला सामने आया है। उससे युवती ने खुद को एनआरआई बताकर फेसबुक पर दोस्ती की। इसके बाद ऑनलाइन ट्रेडिंग का झांसा दिया। शुरुआत में 2100 रुपये का फायदा हुआ तो युवक फंस गया। युवती के कहने पर अलग-अलग बार में 6.17 लाख रुपये निवेश कर दिए। जब रुपये निकालना चाहे तब ठगी का पता लगा। युवक की शिकायत पर महाराजपुरा थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।
शताब्दीपुरम निवासी अजय पुत्र बृजमोहन सिंह के फेसबुक अकाउंट पर नंदिनी शर्मा नाम की युवती की फ्रेंड रिक्वेस्ट आई। अजय ने फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार कर ली। दोनों के बीच चैटिंग होने लगी। युवती ने खुद को एनआरआइ बताते हुए ऑनलाइन निवेश कर घर बैठे पैसा कमाने की बात अजय से कही।
यह भी कहा कि ईबीसी ग्लोबल सीएस ट्रेडिंग कंपनी में निवेश किया जा सकता है। इसमें मोटा मुनाफा मिलेगा। अजय ने युवती के बताए अनुसार निवेश किया। जिसमें उन्हें मुनाफा भी हुआ। इसके बाद यूपीआई आईडी के जरिये 3.32 लाख रुपये और अपने स्टेट बैंक आफ इंडिया के खाते से 2.85 लाख रुपये आरटीजीएस कर दिए।
अजय ने 6.17 लाख रुपये जमा किए। ऑनलाइन यह रुपये अधिक दिख रहे थे। जब रुपये निकालना चाहे तो ट्रांजेक्शन फेल हो गया। नंदिनी से बात की तो कोई जवाब नहीं दिया। तब अजय को ठगी का पता लगा। इसके बाद साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत की। इस मामले में महाराजपुरा थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।