ग्वालियर में राहत की बूंदें गिरीं तो तपन का घटा जोर, आज से गर्मी दिखाएगी तेवर
ग्वालियर में शुक्रवार को दिन का तापमान 40.9 डिसे पर रहा। रात का तापमान 27.5 डिसे पर पहुंच गया। सुबह 0.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई। ...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 16 May 2026 08:47:00 AM (IST)Updated Date: Sat, 16 May 2026 08:47:38 AM (IST)
शहर में दोपहर में गर्मी बढ़ने के साथ ही सड़कों पर सन्नाटा दिखाई देने लगता है। नईदुनिया आर्काइबHighLights
- दो से तीन डिसे बढ़ सकता है तापमान, लू चलने की आशंका
- केरल में 26 मई को एंट्री की उम्मीद
- नगर निगम ने शुरू किए मिस्ट स्प्रे सिस्टम
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर में शुक्रवार तड़के हुई हल्की वर्षा व बूंदाबांदी ने दिन के तापमान पर असर डाला। इससे दिन में गर्मी अन्य दिनों की अपेक्षा कम महसूस हुई और तापमान भी कम रहा। हालांकि मौसम विज्ञान के मुताबिक, शनिवार से आगामी तीन चार दिन तक अंचल में न केवल तापमान दो से चार डिसे तक बढ़ेगा, बल्कि लू चलने की आशंका है। शुक्रवार को दिन का तापमान 40.9 डिसे पर रहा। रात का तापमान 27.5 डिसे पर पहुंच गया। सुबह 0.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
आगामी चार दिन बढ़ेगा तापमान
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ सहित कई चक्रवातीय सिस्टम बन रहे हैं, लेकिन इनका असर अंचल में नहीं आ रहा है। ऐसे में आगामी चार दिन यानी 19 मई तक तापमान बढ़ेगा और हीटवेव भी चलेगी। हालांकि शुक्रवार सुबह स्थानीय सिस्टम बनने से बूंदाबांदी व हल्की वर्षा हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, इस बार नौतपा में भी खासी गर्मी पड़ सकती है, क्योंकि पिछले सालों में नौतपा में गर्मी कम रही है और प्री मानसून की वर्षा हुई है।
26 मई को केरल में दस्तक दे सकता है मानसून
केंद्रीय मौसम केंद्र के अनुमान के मुताबिक पिछले साल मानसून ने 24 मई को दस्तक दी थी, लेकिन इस बार 26 मई को दस्तक देने की उम्मीद है। हालांकि मानसून एक जून को केरल में दस्तक देता है, जिस तरह से पिछले साल समय से पहले आया था। इस बार भी पहले आने की उम्मीद है। हालांकि ग्वालियर चंबल में मानसून 20 जून तक आ पाता है। इससे पहले प्री मानसून की गतिविधियां जरूर शुरू हो जाती हैं।
शहर के चौराहों पर नगर निगम करा रही राहत की फुहार
ग्वालियर शहर में सूरज के तल्ख तेवर और आसमान से बरसती आग ने जनजीवन को बेहाल कर दिया है। दोपहर के समय सड़कों पर चल रही गर्म हवा के थपेड़ों के बीच राहगीरों का निकलना दूभर हो गया है। ऐसे में शहरवासियों को चिलचिलाती धूप से तत्कालिक राहत देने के लिए नगर निगम ने एक शानदार पहल की है। शहर के व्यस्ततम चौराहों पर लगे मिस्ट स्प्रे टावर (फव्वारे) अब सुबह से रात तक ठंडी फुहारें बरसा रहे हैं।
ये भी जानें...
- कमिश्नर के निर्देश पर मिली शीतलता: निगम आयुक्त संघ प्रिय के निर्देशानुसार, शहर के प्रमुख चौराहों पर स्थापित मिस्ट टावरों को पूरी क्षमता के साथ सक्रिय कर दिया गया है। पानी की बारीक फुहारें न केवल वातावरण के तापमान को तीन से पांच डिग्री तक कम कर रही हैं, बल्कि हवा में नमी बढ़ाकर लू के असर को भी कम कर रही हैं।
- स्मार्ट सिटी की पहल: निगम द्वारा लगाए गए ये मिस्ट टावर तकनीकी रूप से बहुत कम पानी खर्च कर हवा को ठंडा करने का काम करते हैं। वर्तमान में शहर के मुख्य केंद्रों और अधिक भीड़भाड़ वाले चौराहों पर इन्हें प्राथमिकता दी जा रही है।
राहगीरों और दुकानदारों के चेहरे खिले
शहर के प्रमुख व्यस्त चौराहों से गुजरने वाले दोपहिया वाहन चालकों और पैदल यात्रियों के लिए ये फव्वारे किसी वरदान से कम नहीं हैं। सिग्नल पर रुकने के दौरान जब ये ठंडी फुहारें शरीर को छूती हैं, तो झुलसा देने वाली गर्मी से पल भर की राहत मिलती है।
दुकानदारों को राहत: चौराहों के आसपास दुकान लगाने वाले व्यापारियों और ठेला संचालकों का कहना है कि इन मिस्ट टावरों के चलने से आसपास की हवा ठंडी बनी रहती है, जिससे पूरे दिन काम करना आसान हो गया है।
लगातार संचालन: निगम प्रशासन ने सुनिश्चित किया है कि यह सिस्टम सुबह सूरज निकलने के साथ ही शुरू हो जाए और देर रात तक कार्य करे, ताकि हर समय निकलने वालों को राहत मिले।