नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। पुलिस मुख्यालय ने देर रात प्रदेशभर के 62 आइपीएस अफसरों की तबादला सूची जारी कर दी। इसमें ग्वालियर रेंज के डीआइजी अमित सांघी को डीआइजी होमगार्ड एवं एसडीईआरएफ बनाकर भेजा गया है। वहीं भिंड पुलिस अधीक्षक असित यादव को ग्वालियर रेंज का डीआइजी बनाया गया है।
असित के पास भिंड, मुरैना का था जिम्मा
यहां बता दे कि 2011 बैच के आइपीएस अधिकारी असित यादव पिछले करीब दो साल से भिंड में पुलिस अधीक्षक थे। इससे पूर्व वह मुरैना पुलिस अधीक्षक रह चुके हैं। ग्वालियर में एसएएफ कमांडेंट रह चुके हैं। प्रक्षिक्षु अवधि में वह ग्वालियर में ही बतौर सीएसपी रह चुके हैं। शनिवार देर रात जारी की गई तबादला सूची में ग्वालियर-चंबल संभाग में भी कई अहम बदलाव किए गए हैं।
19 जिलों में हुए हैं तबादले
इस व्यापक बदलाव में कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों को प्राथमिकता दी गई है। खास तौर पर विवादों में रहे जिलों के पुलिस अधीक्षकों के तबादले करते हुए नई पोस्टिंग दी गई है। राज्य के 19 जिलों में एसपी के तबादले हुए हैं, जिनमें भिंड, शिवपुरी, रीवा, सागर, धार, मुरैना, छतरपुर, खंडवा, नीमच, पांढुर्ना, आगर मालवा, अनूपपुर, मऊगंज, डिंडोरी, मंदसौर, दतिया, सीहोर, सिंगरौली, दमोह और सिवनी शामिल हैं।
मुरैना एसपी को भोपाल भेजा
मुरैना एसपी समीर सौरभ को बदला गया है। उन्हें वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रेडियो भोपाल बनाया गया है।
भोपाल-इंदौर से लेकर डीआईजी स्तर तक बदलाव
तबादला सूची में भोपाल और इंदौर में डीसीपी/ग्रामीण एसपी स्तर पर भी फेरबदल किया गया है। इसके साथ ही नर्मदापुरम, ग्वालियर और शहडोल रेंज में डीआइजी स्तर के अधिकारियों को बदला गया है। कई अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।