

नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर के जनकगंज थाना क्षेत्र के गोल पहाड़िया इलाके में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात एक सिरफिरे ने तीन कारों में पेट्रोल डालकर आग लगा दी। घटना रात करीब 2.30 बजे की है। आग में दो कारें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं, जबकि तीसरी कार आधी जल गई। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस आरोपित की पहचान के लिए सीसीटीवी कैमरों की मदद ले रही है।
गोल पहाड़िया क्षेत्र में रहने वाले राजू कुशवाह, हनीफ उर्फ बजरंगी खान और वकीम खान की कारें आसपास खड़ी थीं। तीनों शाम को अलग-अलग समय पर घर पहुंचे और अपनी गाड़ियां घर के बाहर सड़क किनारे खड़ी कर दीं। रात करीब 2.30 बजे एक युवक वहां पहुंचा और कारों पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।
कारों से आग की लपटें उठती देखकर पड़ोसी की नजर पड़ी। उसने तत्काल वाहन मालिकों को सूचना दी। इसके बाद फायर ब्रिगेड को बुलाया गया, लेकिन तब तक आग तीनों गाड़ियों में फैल चुकी थी।
आगजनी में राजू कुशवाह की बलेनो कार एमपी07 CE 3833 और हनीफ उर्फ बजरंगी खान की कार एमपी33 सी 7258 पूरी तरह जल गईं। वहीं वकीम खान की i-10 कार एमपी07 सीइ 8191 आधी जल गई।
सूचना मिलने पर जनकगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। राजू कुशवाह ने पुलिस को बताया कि उसका पास में रहने वाले गोलू से मुंहवाद हुआ था। उसने आगजनी के पीछे गोलू पर संदेह जताया है। पुलिस इस संदेह की तस्दीक कर रही है और अन्य पहलुओं से भी जांच की जा रही है।
घटना के बाद जनकगंज थाना पुलिस की गश्त और सक्रियता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। जिस स्थान पर तीन कारों को आग लगाई गई, उसके पास ही पुलिस चौकी है। इसके बावजूद रात में पेट्रोल डालकर वाहनों में आग लगाने वाला युवक मौके से निकल गया और पुलिसकर्मियों को इसकी भनक तक नहीं लगी। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपित तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।