
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. एमएस सागर ने लंबे समय से कार्यालय में अटैच आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं। आदेश के अनुसार सभी कर्मचारियों को तत्काल अपनी मूल पदस्थापना वाले स्वास्थ्य संस्थान में उपस्थित होकर नियमित रूप से कार्य करना होगा।
आउटसोर्स कर्मचारी लंबे समय से सीएमएचओ कार्यालय में अटैच थे
निर्देश के मुताबिक 27 जून को सभी आउटसोर्स कर्मचारी सीएमएचओ कार्यालय में उपस्थित होने के बजाय अपनी मूल पदस्थापना वाले स्वास्थ्य संस्थान में जाकर उपस्थिति दर्ज करेंगे। कर्मचारियों को उपस्थिति पंजी और सार्थक पोर्टल पर भी अपनी उपस्थिति दर्ज करना अनिवार्य होगा। जानकारी के अनुसार करीब 15 आउटसोर्स कर्मचारी लंबे समय से सीएमएचओ कार्यालय में अटैच थे।
आदेश का उल्लंघन करने पर होगी कार्रवाई
सीएमएचओ ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई कर्मचारी आदेश का पालन नहीं करता है तो इसे आदेश की अवहेलना माना जाएगा। ऐसी स्थिति में संबंधित कर्मचारी का मानदेय रोका जाएगा। साथ ही उसके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की जाएगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित कर्मचारी की होगी।
यह भी पढ़ें- एमपी UCC का ड्राफ्ट अंतिम चरण में... दो भाग में होगी रिपोर्ट, एक में अनुशंसा और दूसरे में जन परामर्श