दिग्विजय सिंह पर सिंधिया की टिप्पणी मामले में परिवादी के बयान दर्ज, 15 जून को अगली सुनवाई
अधिवक्ता नितिन शर्मा ने ज्योतिरादित्य सिंधिया, महेंद्र सिंह सिसोदिया और तुलसीराम सिलावट के बयानों को बताया आपत्तिजनक; मामला अब एमपी-एमएलए कोर्ट में है ...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 12 May 2026 07:52:42 AM (IST)Updated Date: Tue, 12 May 2026 07:53:41 AM (IST)
दिग्विजय सिंह एवं ज्योतिरादित्य सिंधिया। सोशल मीडियाHighLights
- मामला 26 अप्रैल 2023 की 'देश विरोधी' टिप्पणी से है जुड़ा।
- मामले की जांच के दौरान पुलिस ने रिपोर्ट कोर्ट में पेश की है।
- अगली सुनवाई के दौरान अन्य के होंगे बयान दर्ज।
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर दायर परिवाद में जिला कोर्ट में सुनवाई आगे बढ़ गई है। मामले में परिवादी एडवोकेट नितिन शर्मा के बयान दर्ज किए जा चुके हैं, जबकि अब अगली सुनवाई 15 जून को तय की गई है। इस दौरान अन्य साक्षियों के बयान दर्ज किए जाएंगे।
मामला 26 अप्रैल 2023 की कथित टिप्पणियों से जुड़ा है। परिवाद में आरोप लगाया गया है कि केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के लिए 'देश विरोधी' शब्द का उपयोग किया था। इसके अलावा महेंद्र सिंह सिसोदिया द्वारा उक्त टिप्पणी को एक्स (पूर्व ट्विटर) पर रीपोस्ट किए जाने और मंत्री तुलसीराम सिलावट द्वारा भी आपत्तिजनक बयान दिए जाने का आरोप है।
इस संबंध में अधिवक्ता नितिन शर्मा ने पहले सीजेएम कोर्ट में परिवाद दायर किया था, जिसे बाद में एमपी-एमएलए कोर्ट में स्थानांतरित कर दिया गया। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने अपनी रिपोर्ट न्यायालय में पेश की है।