
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। दीपावली के त्योहार पर साइबर ठग ऑनलाइन ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ठगों ने एक बुजुर्ग सहित दो लोगों के खातों और क्रेडिट कार्ड से कुल 2 लाख 31 हजार रुपये निकाल लिए। दोनों मामलों में पीड़ितों ने साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद संबंधित थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ठगी की रकम वापस कराने का प्रयास कर रही है।
गौतम नगर निवासी 64 वर्षीय रामशंकर त्यागी ने 17 अक्टूबर को ऑनलाइन कपड़ों की खरीदारी की थी। कपड़ों का साइज सही नहीं होने पर उन्होंने रिटर्न की रिक्वेस्ट डाली। इसके बाद उनके पास कॉल आया और दो कपड़ों के लिए अलग-अलग रिक्वेस्ट डालने को कहा गया। प्रक्रिया पूरी नहीं होने पर उन्होंने कस्टमर केयर से मदद मांगी।
इसी दौरान एक डिलीवरी बॉय का फोन आया, जिसने रिटर्न की प्रक्रिया समझाने के बहाने उनसे बताए गए निर्देशों का पालन कराया। इसके कुछ ही देर बाद उनके खाते से 98 हजार 589 रुपये निकल गए। शिकायत पर थाटीपुर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
यह भी पढ़ें- जांजगीर में डिजिटल अरेस्ट CBI अफसर बनकर बुजुर्ग से ठगे 32 लाख, इंदौर से दो गिरफ्तार
दूसरी घटना में सनवैली, सिरोल निवासी व्यापारी सिमरनजीत सिंह के आरबीएल क्रेडिट कार्ड से 1 लाख 33 हजार 173 रुपये का ट्रांजेक्शन कर लिया गया। घटना 23 अक्टूबर की बताई गई है। व्यापारी के अनुसार उन्होंने किसी को ओटीपी नहीं बताया था, इसके बावजूद उनके कार्ड से रकम निकाल ली गई। साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत के बाद सिरोल थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।