
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर: हाइवे पर जिस परिवहन उड़नदस्ते की नियम कायदों को रोकने की जिम्मेदारी थी वही उड़नदस्ता खुद ट्रकों से वसूली के विवाद में है। मामला बुधवार का है जब डबरा में सिंध नदी से पहले ही हाइवे पर उड़नदस्ते के परिवहन आरक्षक ने ट्रक को रोका। शिकायत है कि आरक्षक ने ट्रक काे वसूली के लिए रोका था और इसके बाद ड्राइवर और आरक्षक में विवाद भी हुआ।
दोनों ने एक दूसरे के मोबाइल छीन लिए थे और आरक्षक जब ड्राइवर का मोबाइल लेकर निकल गया तो ट्रक चालकों ने जाम लगा दिया। जाम लगने की खबर ग्वालियर के अधिकारियों से लेकर भोपाल तक पहुंच गई। अधिकारियों ने जानकारी ली और परिवहन आयुक्त उमेश जोगा ने परिवहन आरक्षक बालाजी गुर्जर को प्राथमिक तौर पर दोषी पाते हुए निलंबित करने के आदेश जारी कर दिए।
परिवहन आरक्षक बालाजी गुर्जर की पहले भी कई शिकायतें अफसरों तक पहुंची हैं। उड़नदस्ते को किसी भी मार्ग पर चेकिंग का अधिकार है जिसको लेकर शिकायतें भी ट्रांसपोर्टर कर चुके हैं। मालवा कालेज तिराहा से शीतला माता मंदिर रोड पर जाने वाले मार्ग पर भी उड़नदस्ता की भूमिका पर सवाल खड़े हो चुके हैं।
डबरा में सिंध नदी से पहले उड़नदस्ता के आरक्षक की अवैध वसूली की शिकायत पर मुख्यालय स्तर कार्रवाई की गई है, ट्रक चालकों ने जाम भी लगाया और विवाद भी होना पता चला है। मामला दिखवा रहे हैं। विक्रमजीत सिंह कंग, आरटीओ, ग्वालियर
यह भी पढ़ें- शीतला माता मंदिर हादसे से लिया सबक, त्योहारों पर ग्वालियर में सुरक्षा का कड़ा पहरा, नो-एंट्री और भीड़ पर सख्त नजर