
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। ग्वालियर शहर में शातिर ठगों ने एक बार फिर वृद्धा को निशाना बनाकर 30 ग्राम सोने के गहने ठग लिए। इस बार दो महिलाओं ने ही वृद्धा को ठगा है। वृद्धा महाराज बाड़ा के पास स्थित दुकान से पर्स खरीद रही थी, तभी दो महिलाएं पास आई। इन महिलाओं ने नाटकीय अंदाज में रूमाल दिखाया और कहा- इसमें रुपए हैं। इन्हें गिनना है। इसके अंदर नोट की गड्डी झलक रही थी, लेकिन वह नोटों की गड्डी नहीं कागज की रद्दी थी।
वृद्धा को बातों में फंसाकर यह रूमाल थमा दिया, फिर गहने उतरवा लिए। इसके बाद वृद्धा को कुछ दूरी पर अपने साथ ले गईं और गहनों की पोटली लेकर गायब हो गई। वृद्धा के पास कागज की कतरन की गड्डी रह गई। यह वारदात दिनदहाड़े रविवार महाराज बाड़ा और गांधी गोलंबर के बीच हुई। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में भी नजर आई है। वृद्धा बेटे के साथ थाने भी पहुंची, लेकिन पुलिस ने शिकायती आवेदन लेकर चलता कर दिया।
बहोड़ापुर स्थित आनंद नगर की रहने वालीं सरोज पत्नी राजकुमार जैन अपने बेटे नवीन जैन के साथ दांत के डॉक्टर को दिखाने के लिए गई थीं। डाक्टर से चेकअप कराने के बाद बेटे ने उन्हें महाराज बाड़ा पर छोड़ दिया। यहां से उन्हें आटो लेकर घर जाना था। वृद्धा यहां से पैदल गांधी गोलंबर तक पहुंची। यहां से उन्हें पर्स खरीदना था। इसी दौरान दो महिलाएं इनके पास आई। इन्होंने ही बातों में फंसाया।
फिर वृद्धा से सोने की तीन अंगूठी, सोने की चेन उतवाकर पोटली में रखवा ली। 500 रुपए का नोट ऊपर लगाकर कागज की रद़्दी वाली गड्डी उन्हें थमा दी। फिर महिलाएं थोड़ी देर में आने की बात कहकर गायब हो गई। कुछ देर बाद वृद्धा को ठगी का अहसास हुआ। फिर वृद्धा सीधे घर पहुंची और स्वजनों को घटना बताई। बेटा जनकगंज थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई। सीसीटीवी कैमरे देखे, जिसमें ठगी करने वाली महिलाएं भी नजर आई हैं।
एएसपी अनु बेनीवाल ने बताया कि इस तरह से ठगी करने वाले शातिर ठग सहानुभूति और लालच दोनों के जरिये ठगी करते हैं। खुद को परेशान बताकर सहानुभूति लेंगे, फिर अपने पास रुपए या गहने होने का लालच भी देंगे। तीन तरके ऐसे हैं, जो इस तरह की ठगी से बचा सकते हैं।