ग्वालियर में एसेट मैनेजमेंट के पूर्व मैनेजर पर FIR, निवेशकों के 49.70 लाख रुपये खातों में किए ट्रांसफर
एसेट मैनेजमेंट के पूर्व मैनेजर प्रिंस जैन ने 11 निवेशकों के म्यूचुअल फंड में जमा रुपये अपने और परिचितों के बैंक खातों में ट्रांसफर कर लिए।
Publish Date: Sun, 22 Nov 2026 09:31:01 AM (IST)Updated Date: Sun, 22 Nov 2026 09:55:55 AM (IST)
HighLights
- 11 निवेशकों की रकम निजी खातों में भेजी
- कंपनी ने बर्खास्त कर दर्ज कराई एफआईआर
- निवेशकों को ब्याज सहित लौटाए 52.10 लाख
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर के सिटी सेंटर स्थित एसेट मैनेजमेंट कंपनी के मैनेजर ने ही निवेशकों के साथ धोखाधड़ी कर दी। उसने 11 निवेशकों के म्यूचुअल फंड में जमा रुपये अपने और परिचितों के बैंक खातों में ट्रांसफर कर लिए। जब निवेशकों को पता लगा तो कंपनी ने उस पर कार्रवाई कर दी। इस मामले में पुलिस ने कंपनी प्रबंधन की शिकायत पर यूनिवर्सिटी थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।
भोपाल का रहने वाला था प्रिंस जैन
पुलिस से शिकायत बड़ौदा बीएनपी पारिबा एसेट मैनेजमेंट इंडिया प्राईवेट लिमिटेड के मुंबई मुख्यालय में इंस्टीट्यूशनल बिजनेस एंड अकाउंट्स सेल से जुड़े चंद्रशेखर जैन ने की थी। वह एसेट मैनेजमेंट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड में हेड हैं। उन्होंने शिकायत में बताया कि प्रिंस जैन भोपाल का रहने वाला था। वह कंपनी में रिलेशनशिप मैनेजर के पद पर था। उसे कंपनी की ओर से निवेशकों से मिलने और उनका पैसा म्यूच्युअल फंड में निवेश कराने की जिम्मेदारी दी गई थी।
कंपनी ने कार्रवाई कर किया बर्खास्त
उसने निवेशकों से रकम। फिर आरटीजीएस विवरण और कोड दिए। यह पैसा वह दूसरे खातों में ट्रांसफर करता गया। उसने 11 निवेशकों का करीब 49.70 लाख रुपये दूसरे खातों के जरिये हड़प लिया। जब निवेशकों को इसका पता लगा तो कंपनी में शिकायत की गई। कंपनी ने इसकी जांच कराई और आपत्ति ली तो उसने कंपनी के ई-मेल पर रुपये वापस भेजने की बात कही। कंपनी ने उस पर कार्रवाई करते हुए बर्खास्त कर दिया। इसके बाद इस मामले में कंपनी की ओर से यूनिवर्सिटी थाने में शिकायत की गई। फिर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की।
कंपनी को लगा चूना, निवेशकों का धन ब्याज सहित लौटाया
इस मामले में कंपनी को चूना लगा। जब निवेशकों ने दावा किया तो कंपनी ने निवेशकों को 1.5 प्रतिशत ब्याज से 52.10 लाख रुपये लौटाए। कंपनी की ओर से एफआईआर के लिए कोर्ट में परिवाद लगाया गया। कोर्ट के आदेश पर एफआईआर दर्ज की गई है।