

नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। जीवाजीगंज में व्यापारी संजय कुमार बंसल के दफ्तर से 18 लाख रुपये और चांदी का सिक्का चोरी करने वाली चोरों की गैंग पकड़ी गई है। गैंग में पांच चोर शामिल हैं, इसमें से एक नाबालिग है। पकड़े गए चोरों से 15.40 लाख रुपये बरामद हुए हैं। बाकी पैसा बरामद करने के लिए पुलिस और पूछताछ कर रही है।
चोरों ने पूछताछ की, इसमें यह बोले कि जब चोरी करने गए थे तो लग रहा था। कुछ सामान मिल जाएगा। लेकिन अंदर इतना पैसा मिल गया। चोरी करने के बाद बाड़ा पहुंचे। यहां हिस्सा किया, फिर अपने-अपने ठिकाने पर चले गए।
संजय कुमार बंसल सिटी सेंटर इलाके में रहते हैं। जीवाजीगंज में उनका दफ्तर है। उनके पास हिंदुस्तान लीवर, बजाज सहित अन्य एजेंसियां हैं। शनिवार को करीब 18 लाख रुपये का भुगतान आया था। अगले दिन बैंक बंद था और दफ्तर भी बंद था। इसलिए पैसा दफ्तर में ही छोड़ दिया। रविवार-सोमवार की मध्य रात्रि चोर दफ्तर में घुस गए। चोर यहां से 18 लाख रुपये व चांदी का सिक्का चोरी कर ले गए। चोरी होने का पता लगने पर पुलिस को सूचना दी।
डीएसपी किरण अहिरवार के नेतृत्व में टीमों ने पड़ताल शुरू की। सीसीटीवी कैमरे लगातार टीम देख रही थी। करीब 300 मीटर दूर लगे कैमरे में एक चोर स्पष्ट नजर आया। उसकी पहचान भारत उर्फ भूरा जाटव के रूप में हो गई। उस पर पहले से चोरी के मामले दर्ज हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। इसके बाद उसके चार अन्य साथियों को भी पकड़ लिया। इनसे 15.40 लाख मिले है।
व्यापारी के दफ्तर से हुई 18 लाख रुपये की चोरी में पांच आरोपित पकड़ लिए हैं। एक आरोपित नाबालिग है। इनके पास से चोरी के 15.40 लाख रुपये बरामद हुए हैं। - धर्मवीर सिंह, एसएसपी ग्वालियर