
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। विशेष न्यायाधीश सुनील दंडोतिया की अदालत में बुधवार को उस समय विचित्र स्थिति बन गई, जब विश्वविद्यालय थाना प्रभारी रविंद्र कुमार कोर्ट के स्पष्ट निर्देश के बावजूद पुलिस वर्दी पहनकर पहुंच गए। अदालत ने इस पर नाराजगी जताई और उन्हें तत्काल वापस भेजते हुए सिविल ड्रेस में दोबारा उपस्थित होने का आदेश दिया। इसके बाद थाना प्रभारी कपड़े बदलकर कोर्ट पहुंचे, जहां उन्हें शाम तक न्यायालय में सिविल ड्रेस में खड़ा रखा गया।
बुधवार को थाना प्रभारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के साथ अदालत पहुंचे, लेकिन न्यायालय के स्पष्ट आदेश के बावजूद वे पुलिस वर्दी में थे। इस पर विशेष न्यायाधीश ने कड़ी नाराजगी जताते हुए उन्हें वापस भेज दिया और निर्देश दिया कि पहले सिविल ड्रेस पहनकर आएं। आदेश का पालन करते हुए थाना प्रभारी दोबारा सिविल ड्रेस में अदालत पहुंचे, जहां उन्हें शाम तक न्यायालय में उपस्थित रखा गया।
दरअसल यह पूरा मामला एक आपराधिक प्रकरण से जुड़ा है। पुलिस ने इस मामले में एक देशी कट्टा जब्त कर उसे थाने के मालखाने में जमा किया था। बाद में सुनवाई के दौरान अदालत ने जब्त कट्टा पेश करने के आदेश दिए, लेकिन पुलिस उसे न्यायालय में प्रस्तुत नहीं कर सकी। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए अदालत ने थाना प्रभारी को तलब किया था।