नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। विकास कार्यों की चल रही कछुआ चाल और कागजी दावों की पोल शनिवार को उस वक्त खुल गई जब क्षेत्रीय सांसद भारत सिंह कुशवाह खुद मैदान में उतरे। एलिवेटेड रोड के निरीक्षण के दौरान जब सांसद ने हनुमान बांध पर ठेकेदार से नाले की मिट्टी हटाने के काम में लगे वाहनों की जानकारी मांगी, तो ठेकेदार ने दावा किया कि मौके पर 22 डंपर काम कर रहे हैं। इस पर सांसद का पारा चढ़ गया और उन्होंने झूठ पकड़ते हुए सबके सामने कहा कि मैं पिछले दो घंटे से लगातार निरीक्षण कर रहा हूं, मुझे तो यहां एक भी डंपर चलता नहीं दिखा।
खोदाई से डैमेज हुआ सीवर सिस्टम तुरंत सुधारें
सांसद ने निर्देश दिए कि वर्षा शुरू होने से पहले स्वर्ण रेखा नाले में जमा मिट्टी को हटाया जाए। निर्माण कार्य के दौरान जो सीवर सिस्टम डैमेज (क्षतिग्रस्त) हुआ है, उसे नगर निगम और निर्माण एजेंसी समन्वय से तत्काल ठीक करें। सांसद ने कहा कि नगर निगम के हिस्से का काम निगम करे और एजेंसी अपने हिस्से का काम समय पर पूरा करे ताकि वर्षा में जलभराव या सीवर चोक होने की समस्या न झेलनी पड़े।
सांसद के तेवर से निर्माण एजेंसी के हाथ-पांव फूले
सांसद के इस तेवर से मौके पर मौजूद अधिकारियों और निर्माण एजेंसी के हाथ-पांव फूल गए। सांसद कुशवाह ने लोक निर्माण विभाग, सीवर के अधिकारियों की सुस्ती पर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा, अभी कुछ ही दिन पहले मुख्यमंत्री ने एसीएस (अपर मुख्य सचिव) और आयुक्त नगरीय प्रशासन एवं विकास को विशेष रूप से ग्वालियर भेजा था, लेकिन धरातल पर उसका कोई असर दिखाई नहीं दे रहा है। उन्होंने सख्त लहजे में चेताया अगर यही सुस्ती रही तो ध्यान रखना, अगली बार कोई नहीं बचा पाएगा। कार्रवाई झेलने के लिए तैयार रहिये।
चंबल पेयजल प्रोजेक्ट: कंपनी को नहीं मिलेगा एक भी दिन का अतिरिक्त समय
नगर निगम के बाल भवन सभागार में आयोजित चंबल प्रोजेक्ट की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में भी सांसद ने कड़े तेवर दिखाए। चंबल नदी से ग्वालियर पानी लाने की इस जीवनदायिनी योजना के पूरा होने में अब केवल 10 महीने का समय शेष है। सांसद ने एनएचएआइ के अधिकारियों को निर्देश दिए कि पाइपलाइन के रास्ते में आने वाले सभी अतिक्रमण तत्काल हटाए जाएं और बाधक बन रहे बिजली के खंभों को तुरंत शिफ्ट किया जाए। उन्होंने निर्माण एजेंसी को साफ कर दिया कि प्रोजेक्ट का काम निर्धारित समय में ही करना होगा, कंपनी को आगे जरा-भी अतिरिक्त समय नहीं दिया जाएगा। बैठक में इस प्रोजेक्ट में देरी के कारणों पर चर्चा हुई और उनको दूर करने के निर्देश दिए। बैठक में निगम आयुक्त संघ प्रिय, अपर आयुक्त टी प्रतीक राव सहित लोक निर्माण विभाग और चंबल प्रोजेक्ट के अधिकारी मौजूद थे।
निरीक्षण के दौरान यह रहे उपस्थित
इस दौरान पूर्व जिला अध्यक्ष अभय चौधरी, पार्षद भूपेंद्र सिंह कुशवाह, मंडल अध्यक्ष विनय शर्मा, सत्यपाल जादौन, महामंत्री राजू पलैया, धर्मेंद्र (बिट्टू) तोमर, उपाध्यक्ष विकास साहू, देवेंद्र कौरव, कार्यपालन यंत्री (ब्रिज) जोगेंद्र यादव, एसडीओ अनिल श्रीवास्तव, उपयंत्री रामनिवास राजपूत व प्रोजेक्ट मैनेजर मुकेश सिंह सहित अन्य विभागीय अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।