नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। प्रदेश सहित शहर में बिजली कंपनी द्वारा उपभोक्ताओं की शिकायतों के समाधान के लिए बुधवार को 22 स्थानों पर सुबह 10 से शाम पांच बजे तक शिविर लगाए गए। वार्ड क्रमांक 58 हरिशंकरपुरम में महिला उपभोक्ता पूजा ने सुबह 11 बजे पहुंचकर स्मार्ट मीटर तेज चलने की शिकायत की। जिसके बाद शिविर में मौजूद अधिकारियों ने मौके पर ही डेमो से उनकी शंका का समाधान किया।
... महिला संतुष्ट होकर वापस चली गई
एक तरफ स्मार्ट मीटर और दूसरी तरफ सामान्य मीटर लगाकर उसे बराबर लोड दिया और जिससे दोनों में समान लोड रहा। जिसके बाद महिला संतुष्ट होकर वापस चली गई। शिविरों में अधिकतर उपभोक्ता बिजली बिल सुधार, पता परिवर्तन, नाम सही करवाने और नए मीटर लगवाने से जुड़ी शिकायतें लेकर पहुंचे। कंपनी ने मौके पर ही कई मामलों के निराकरण की प्रक्रिया शुरू की।
बता दें कि यह शिविर लोगों को उन सुविधाओं से जोड़ने और जागरूक करने के लिए आयोजित किया जा रहा है जो परेशान तो हैं, लेकिन समाधान तक पहुंच नहीं पा रहे हैं। इस शिविर में त्रुटिपूर्ण बिल, मीटर रीडिंग गड़बड़ी और अन्य शिकायतों का निराकरण किया जा रहा है। इसके अलावा ग्रामीण घरेलू और कृषि पंप के नए कनेक्शन मात्र पांच रुपये में दिए गए।
ऊर्जा मंत्री तोमर भी बने शिविर का हिस्सा
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के 'संपर्क अभियान 2026' के तहत तानसेन नगर जोन स्थित नवीन पार्क में विशेष विद्युत शिविर का शुभारंभ किया। ऊर्जा मंत्री इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन से कार्यक्रम में पहुंचे। उन्होंने लोगों से शिविरों का लाभ उठाने और समाधान योजना के तहत बकाया बिजली बिल जमा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता किस्तों में भुगतान कर सकते हैं। बिजली सेवाएं सुचारू रखने के लिए समय पर बिल भुगतान जरूरी है, अन्यथा कंपनियों पर आर्थिक दबाव बढ़ेगा।
2479 उपभोक्ताओं ने 1.60 करोड़ रुपये जमा कराए
ग्वालियर-चंबल संभाग में आयोजित शिविर में 7920 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 3455 का निराकरण कर दिया गया। शेष के निराकरण की कार्रवाई प्रक्रिया में है। उक्त आवेदनों में बिल संशोधन 2606, मीटर व सर्विस केबिल 231, कनेक्शन व नाम परिवर्तन 685, डुप्लीकेट बिल 1888, समाधान व भुगतान संबंधी 2031, तकनीकी सेवाओं 441 आवेदन प्राप्त हुए। शिविरों में 2479 उपभोक्ताओं द्वारा एक करोड़ 60 लाख रुपये जमा की गई।
शिविर में यह मिले हालात
- स्थान: हरिशंकरपुरम, समय : सुबह 11 बजे
- स्थिति: पार्क के पास टैंट लगाकर विद्युत विभाग के कर्मचारी तय समय पर बैठे मिले, आने वाले लोगों की संख्या बेहद कम रही। एक दो लोग बैठकर अपनी परेशानी का समाधान पूछ रहे थे।
- स्थान: महलगांव, समय : सुबह 11:40 बजे
- स्थिति: जिन्हें शिविर में समस्या समाधान के लिए बैठाया गया था वह सभी तय स्थान पर टैंट लगाकर लोगों से संवाद करते मिले। यहां संख्या हरिशंकरपुरम की अपेक्षा ठीक मिली। मीटर से जुड़ी शिकायतें अधिक थी।
इन स्थानों पर लगे शिविर: बिजली कंपनी के शिविर लक्ष्मीगंज, शिवनगर/ शिंदे की छावनी, थाटीपुर, बाराघाटा, सिटी सेंटर, केंद्रीय जोन, बारादरी, चावड़ी, महाराजपुरा, कंपू, महलगांव, सिकंदर कम्पू, तानसेन, गोल पहाड़िया, फूलबाग, बटालियन, टीपी नगर, मुरार, बिरला नगर, डीडी नगर और लधेड़ी जोन में लगाए गए।