
अमित मिश्रा, नईदुनिया, ग्वालियर। कानून की किताबें और पुलिसिया तफ्तीश अक्सर चोर-लुटेरों को दबोचने के लिए जानी जाती हैं। लेकिन ग्वालियर में तीन थानों को मिलाकर बनाई गई एसआइटी इन दिनों अनोखे मिशन पर है। यहां पुलिस किसी शातिर अपराधी को नहीं बल्कि ब्रह्मांड के नायक-नटखट लड्डू गोपाल को ढूंढ रही है।
पहली बार ऐसा है- जब एसआइटी चोरी या लूटे गए जेवर, रुपये और फरार चल रहे अपराधी को पकड़ने के लिए नहीं बल्कि बाजार से पांच माह पहले गुम हुए लड्डू-गोपाल को ढूंढ रही है। यह एसआइटी भी कृष्ण भक्ति में डूबी ग्वालियर के अलकापुरी निवासी विजया शर्मा की फरियाद पर बनाई गई है। वह अपने लड्डू-गोपाल को अपने साथ रखती थीं और पांच महीने पहले बाजार से लड्डू गोपाल सब्जी खरीदते समय गुम हो गए। तब से वह थाने से लेकर सीएसपी, एसएसपी और आइजी कार्यालय के कई चक्कर काट चुकी हैं। हर बार आंख में आंसू और पुलिस अधिकारियों के सामने अपने कान्हा को ढूंढने की गुहार।
ग्वालियर रेंज के आइजी अरविंद सक्सेना ने इस मामले को गंभीरता से लेकर बाकायदा एसआइटी गठित करने का आदेश दिया। अब एसआइटी गठित हो गई है, लेकिन लड्डू-गोपाल अब तक बेसुराग हैं।
सिटी सेंटर स्थित अल्कापुरी निवासी विजया शर्मा व उनका परिवार भगवान कृष्ण का भक्त है। विजया हमेशा अपने साथ लड्डू-गोपाल को रखती थीं। यह उन्हें उनकी नानी ने दिए थे।
29 जनवरी को वह बहन के साथ बाजार गई थीं। कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत छापाखाने के पास सब्जी मंडी में वह सब्जी खरीद रही थीं। इसी दौरान लड्डू-गोपाल गुम हो गए। इसके बाद से ही वह अपने आराध्य को ढूंढ रही हैं। विजया कहती हैं- वह सिर्फ प्रतिमा नहीं बल्कि उनके परिवार के सबसे लाड़ले सदस्य हैं। विजया कई बार थाने गईं, लड्डू-गोपाल नहीं मिले।
विजया बताती हैं- उनका गांव भिंड के लहार के पास है। गांव में राधाकृष्ण मंदिर था। बचपन से ही ऐसा लगता था- भगवान कृष्ण उनसे बात करते हैं।
उनकी नानी बताती थीं- जब चोर उनके घर चोरी करने आए थे तो वह नेत्रहीन हो गए थे। जब कृष्ण जी के समक्ष आगे से चोरी न करने की शपथ ली तब दृष्टि वापस आई थी। नानी को देखकर भगवान कृष्ण के प्रति आस्था जागी।
कहते हैं- सच्ची भक्ति के आगे भगवान भी पिघल जाते हैं। जब युवती आंख में आंसू लिए आइजी अरविंद सक्सेना के पास पहुंची तो वह भी भावुक हो गए। उन्होंने इसे खोई हुई वस्तु की तरह नहीं बल्कि भक्ति की तरह देखा। एसआइटी गठित करने के आदेश दिए।
सीएसपी किरण अहिरवार ने एसआइटी गठित कर दी है। इसमें कोतवाली थाना प्रभारी के नेतृत्व में कोतवाली, जनकगंज और माधोगंज थाने के छह पुलिसकर्मियों को लड्डू-गोपाल को ढूंढने की जिम्मेदारी दी है।
विजया ने बताया कि जिससे सब्जी खरीदी थी, उसी पर शक है। उन्हें स्वप्न भी आया था। माधोगंज में ही किसी ने उन्हें बताया कि शादी में सब्जी वाला अपने आप चीखने लगा और लड्डू-गोपाल चोरी कर बेचने की बात कह रहा था। पुलिस उससे पूछताछ करे तो जरूर पता लग सकेगा।
युवती द्वारा शिकायत की गई थी। शिकायत पर संज्ञान लेते हुए लड्डू-गोपाल को ढूंढने एसआइटी बनवाई गई है। अवश्य ही ग्वालियर पुलिस लड्डू-गोपाल को ढूंढ निकालेगी। - अरविंद सक्सेना, आइजी, ग्वालियर रेंज