
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर के बहुप्रतीक्षित रेलवे स्टेशन पुनर्विकास प्रोजेक्ट को लेकर एक बार फिर नई समयसीमा तय की गई है। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मंगलवार को निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्टेशन के प्रमुख हिस्सों का काम जुलाई 2026 तक पूरा कर लिया जाए, जबकि संपूर्ण प्रोजेक्ट को अक्टूबर-नवंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इससे पहले भी सितंबर 2025 में निरीक्षण के दौरान अलग समयसीमा तय की गई थी, लेकिन काम में देरी के चलते अब नई डेडलाइन दी गई है।
निरीक्षण के दौरान केंद्रीय मंत्री ने स्पष्ट कहा कि स्टेशन के 210 फीट चौड़े कानकोर्स और बादलनुमा छत का कार्य जुलाई 2026 तक हर हाल में पूरा किया जाए। अधिकारियों ने उन्हें बताया कि पहले कानकोर्स का काम पूरा किया जाएगा, जिसके बाद छत का कार्य शुरू होगा। इस पर सिंधिया ने दोनों कार्यों को समानांतर गति से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
रेलवे स्टेशन का यह पुनर्विकास कार्य करीब 545 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान रिजर्व लाउंज में प्रोजेक्ट का मास्टर प्लान और ले-आउट प्रस्तुत किया गया। हालांकि, प्रेजेंटेशन के दौरान केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि वे पहले की जानकारी दोहराने के बजाय वर्तमान प्रगति और आगे की रणनीति पर फोकस करें।
सिंधिया ने निर्माण कार्य में स्थानीय कारीगरों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फर्श पर ग्वालियर स्टोन बिछाने में स्थानीय कारीगरों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि उन्हें रोजगार मिले। साथ ही, यदि तकनीकी रूप से संभव हो तो कारीगरों को अपने कार्यस्थल पर नाम अंकित करने की अनुमति भी दी जाए, जिससे उनकी कला को पहचान मिल सके।
सिंधिया ने सर्कुलेटिंग एरिया में स्थित पुरानी हेरिटेज बिल्डिंग का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सुझाव दिया कि भवन में पहले मौजूद झरोखों को पुनः विकसित करने की संभावना तलाश की जाए। इसके लिए स्थानीय विशेषज्ञों की मदद लेने की बात भी कही गई, ताकि ऐतिहासिक स्वरूप को संरक्षित किया जा सके।
रेलवे स्टेशन के निरीक्षण से पहले केंद्रीय मंत्री ने निरावली से पनिहार तक बन रहे करीब 28.5 किलोमीटर लंबे वेस्टर्न बायपास का भी निरीक्षण किया। लगभग 1346 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहे इस बायपास से ग्वालियर और मुरैना के बीच यातायात सुगम होगा और शिवपुरी जाने वाले मार्ग पर अतिरिक्त दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी।
इस दौरान सांसद भारत सिंह कुशवाह ने नगर निगम अधिकारियों के साथ चंबल पेयजल परियोजना के कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों में तेजी लाने और गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर दिया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि तय समयसीमा में परियोजना को पूरा किया जाए, ताकि शहर को जल्द से जल्द चंबल का पानी उपलब्ध कराया जा सके।