ग्वालियर के सर्विस सेंटर में विवाद के बाद भड़का ग्राहक, शोरूम में खड़ी एक्टिवा को लगाई आग
नाराज एक ग्राहक ने शोरूम परिसर में खड़ी अपनी ही एक्टिवा में आग लगा दी। देखते ही देखते वाहन आग की लपटों से घिर गया।
Publish Date: Thu, 05 Nov 2026 09:08:19 PM (IST)Updated Date: Thu, 05 Nov 2026 09:12:17 PM (IST)
शोरूम में खड़ी एक्टिवा में लगाई आग, नईदुनियाHighLights
- गाड़ी ठीक करने को लेकर ग्राहक नाराज
- कुछ दिन पहले ही कराई थी सर्विस
- शोरूम में खड़ी एक्टिवा में लगाई आग
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। तानसेन नगर स्थित एएस मोटर्स सर्विस सेंटर पर बुधवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब अपनी गाड़ी की सर्विस से नाराज एक ग्राहक ने शोरूम परिसर में खड़ी अपनी ही एक्टिवा में आग लगा दी। देखते ही देखते वाहन आग की लपटों से घिर गया।
इस घटना से सर्विस सेंटर पर मौजूद कर्मचारियों और ग्राहकों में अफरा-तफरी मच गई। गाड़ी में आग लगाने वाले ग्राहक का आरोप है कि सर्विस कराने के बाद भी उसकी एक्टिवा रास्ते में बंद हो गई थी।
जब वह शिकायत लेकर एजेंसी पहुंचा तो वहां मौजूद मैनेजर और अन्य कर्मचारियों ने उसकी समस्या सुनने के बजाय गाड़ी ठीक करने से मना कर दिया और उसके साथ अभद्रता की।
ग्राहक नितिन सिकरवार का कहना है कि उसने कुछ समय पहले ही एक्टिवा खरीदी थी। इसके बाद उसने कंपनी के अधिकृत सर्विस सेंटर पर वाहन की सर्विस भी कराई थी।
सर्विस के लिए बाकायदा बिल का भुगतान किया था। इसके बावजूद गाड़ी में खराबी बनी रही। कुछ दिन पहले जब वह सर्विस सेंटर से गाड़ी लेकर निकला तो रास्ते में ही एक्टिवा अचानक बंद हो गई। बीच सड़क पर गाड़ी बंद होने से उसे काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
शिकायत लेकर पहुंचा तो बढ़ गया विवाद
नितिन का कहना है कि गाड़ी में आई खराबी को लेकर वह दोबारा एएस मोटर्स पहुंचा था। उसे उम्मीद थी कि कंपनी का सर्विस सेंटर होने के कारण उसकी समस्या का समाधान किया जाएगा, लेकिन वहां उसे निराशा हाथ लगी। ग्राहक के मुताबिक, जब उसने कर्मचारियों और मैनेजर को गाड़ी में आ रही परेशानी बताई तो उन्होंने वाहन ठीक करने से मना कर दिया।
इस दौरान उसके साथ अभद्रता भी की गई। नितिन का आरोप है कि उसने अपनी समस्या समझाने की काफी कोशिश की, लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हुई।
गुस्से में खुद ही लगा दी आग
नितिन के मुताबिक, जब उसकी समस्या का समाधान नहीं हुआ और उसे कोई रास्ता नजर नहीं आया तो गुस्से में आकर उसने शोरूम परिसर में खड़ी अपनी एक्टिवा में आग लगा दी।
अचानक वाहन में आग लगने से वहां मौजूद लोग घबरा गए। घटना के बाद सर्विस सेंटर पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्राहक ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि जब सर्विस के लिए पैसे देने के बाद भी गाड़ी ठीक नहीं हुई और शिकायत करने पर भी सुनवाई नहीं हुई तो उसके पास कोई विकल्प नहीं बचा।
ग्राहक और सर्विस सेंटर प्रबंधन के बीच हुए विवाद का पूरा मामला जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल इस घटना ने वाहन कंपनियों के सर्विस सेंटरों पर ग्राहकों की शिकायतों के निराकरण और कर्मचारियों के व्यवहार को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।