ग्वालियर में 3 लाख की फिरौती के लिए युवक का अपहरण, 18 घंटे बाद शिवपुरी में पुलिस ने छुड़ाया
ग्वालियर में परिचितों ने युवक का अपहरण कर परिवार से तीन लाख रुपये फिरौती मांगी। पुलिस ने 18 घंटे की तलाश के बाद शिवपुरी से युवक को सकुशल बचाया।
Publish Date: Wed, 02 Sep 2026 08:31:26 AM (IST)Updated Date: Wed, 02 Sep 2026 08:31:26 AM (IST)
ग्वालियर में 3 लाख की फिरौती के लिए युवक का अपहरण। (एआई जनरेटेड)HighLights
- परिचित युवक को साथ ले जाकर बंधक बनाकर फिरौती मांगी।
- पत्नी के मोबाइल पर तीन लाख रुपये का संदेश आया।
- पुलिस ने मोबाइल लोकेशन से शिवपुरी में तलाश शुरू की।
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर: तानसेन नगर निवासी एक युवक को उसके दो परिचित अपने साथ ले गए। बाद में उसे बंधक बनाकर परिवार से तीन लाख रुपये की फिरौती मांगी। युवक के अपहरण की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई। करीब 18 घंटे तक लगातार तलाश के बाद उसे शिवपुरी जिले से सकुशल मुक्त करा लिया। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका साथी फरार है।
पत्नी के मोबाइल पर आया फिरौती का संदेश
- घटना सोमवार दोपहर की बताई गई है। ग्वालियर थाना क्षेत्र के तानसेन नगर निवासी वीरू करण पुत्र रामशंकर करण निजी नौकरी करता है। सोमवार दोपहर उसके दो परिचित युवक उसके पास पहुंचे और उसे अपने साथ ले गए। शाम तक जब वीरू घर नहीं लौटा तो परिजन चिंतित हो गए।
इसी दौरान वीरू के मोबाइल नंबर से उसकी पत्नी के मोबाइल पर संदेश पहुंचे। संदेश में बताया गया कि वीरू को अगवा कर लिया गया है और उसकी रिहाई के लिए तीन लाख रुपये की मांग की गई है। फिरौती का संदेश मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया और परिजन तत्काल ग्वालियर थाने पहुंचे। मोबाइल लोकेशन पहुंची शिवपुरी
- मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल दो विशेष टीमें गठित कर युवक की तलाश शुरू कर दी। एक टीम का नेतृत्व थाना प्रभारी प्रशांत शर्मा और दूसरी टीम का नेतृत्व एसआई अजय सिकरवार को सौंपा गया। पुलिस ने तानसेन नगर और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
फुटेज में दो युवक वीरू को अपने साथ ले जाते दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस ने उसके मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की, जो शिवपुरी जिले के वैराड़ क्षेत्र में मिली। लोकेशन मिलते ही दोनों पुलिस टीमें शिवपुरी रवाना हो गईं। पुलिस ने वहां संभावित ठिकानों पर रातभर सर्च ऑपरेशन चलाया। लगातार तलाश के बाद मंगलवार सुबह करीब नौ बजे पुलिस ने बंधक बनाए गए वीरू करण को मुक्त करा लिया। एक आरोपी पकड़ाया, दूसरा फरार
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान आरोपी वरुण बंजारा को गिरफ्तार कर लिया है। उसका साथी अरुण बंजारा मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। युवक को मुक्त कराने के बाद पुलिस उसे और गिरफ्तार आरोपी को लेकर ग्वालियर पहुंच गई है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर अपहरण और फिरौती मांगने के पीछे की वजह तथा पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।
यह भी पढ़ें- भिंड के सदर बाजार में किराना व्यापारी दिनदहाड़े किडनैप, स्कॉर्पियो से आए बदमाशों की वारदात CCTV में कैद