
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। ग्वालियर में जिम में हुई दोस्ती के बाद शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवती के गर्भवती होने पर आरोपित ने शादी से इनकार कर दिया और उस पर गर्भपात का दबाव बनाया। बाद में युवती को पता चला कि आरोपित पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं। गोला का मंदिर थाना पुलिस ने मामले में दुष्कर्म, धमकी और अन्य संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी है।
उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए
पुलिस के अनुसार, थाटीपुर स्थित अशोक कॉलोनी निवासी 24 वर्षीय युवती की मार्च 2025 में एक जिम में आशीष गुर्जर से मुलाकात हुई थी। दोनों के बीच दोस्ती हुई, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। युवती का आरोप है कि आशीष ने खुद को अविवाहित बताते हुए शादी का वादा किया और इसी भरोसे पर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए।
गर्भपात कराने का दबाव
पीड़िता के अनुसार, आरोपित उसे अपनी थार गाड़ी से घुमाने ले जाता था और भाऊ साहब सोसायटी क्षेत्र के साथ ही अपने एक दोस्त के फ्लैट पर भी ले जाकर संबंध बनाता था। अप्रैल 2026 में युवती के गर्भवती होने पर उसने शादी की बात की, लेकिन आरोपित ने साफ इनकार कर दिया और गर्भपात कराने का दबाव बनाने लगा।
रिश्तेदारों और गांव में फैलाकर बदनाम करने का भी प्रयास
युवती का कहना है कि इसी दौरान उसे पता चला कि आरोपित पहले से विवाहित है और दो बच्चों का पिता है। विरोध करने पर आरोपित और उसके परिजनों ने उसे तथा उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। साथ ही निजी संबंधों की जानकारी रिश्तेदारों और गांव में फैलाकर बदनाम करने का भी प्रयास किया।
मंदिर थाने में शिकायत दर्ज कराई
लगातार मानसिक प्रताड़ना और धमकियों से परेशान होकर युवती ने गोला का मंदिर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपित फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
यह भी पढ़ें- भोपाल-बैरसिया के चोरों ने सीहोर में डाला था डाका, कोतवाली पुलिस ने दबोचा; सोने-चांदी के जेवर और मोबाइल जब्त