
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। त्योहारों के दौरान ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर मध्य रेलवे ने खजुराहो और उदयपुर के बीच फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन आज से शुरू होगी और दोनों दिशाओं में कुल 13 फेरे लगाएगी। ट्रेन के संचालन से ग्वालियर सहित खजुराहो, धौलपुर, बयाना और गंगापुर सिटी के यात्रियों को अतिरिक्त आवागमन सुविधा मिलेगी।
गाड़ी संख्या 04141 खजुराहो-उदयपुर सिटी फेस्टिवल स्पेशल आठ अक्टूबर से 19 नवंबर तक प्रत्येक सोमवार और गुरुवार को खजुराहो से रात आठ बजे रवाना होगी। ट्रेन रात 1:15 बजे वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी पहुंचेगी और पांच मिनट ठहराव के बाद रवाना होगी। इसके बाद रात 2:38 बजे ग्वालियर पहुंचेगी और दो मिनट बाद 2:40 बजे रवाना होगी। धौलपुर, बयाना और गंगापुर सिटी होते हुए ट्रेन शाम 5:50 बजे उदयपुर पहुंचेगी।
वापसी में मंगलवार और शुक्रवार को चलेगी गाड़ी संख्या 04142 उदयपुर-खजुराहो फेस्टिवल स्पेशल नौ अक्टूबर से 20 नवंबर तक प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को रात 10 बजे उदयपुर से रवाना होगी। अगले दिन सुबह 11:32 बजे ग्वालियर पहुंचेगी और 11:34 बजे रवाना होगी। ट्रेन रात 8:45 बजे खजुराहो पहुंचेगी। त्योहार के दौरान अतिरिक्त ट्रेन मिलने से इन शहरों के बीच सफर करने वाले यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें- इंदौर में नाबालिग की संदिग्ध मौत! बॉयफ्रेंड से लड़ाई के बाद कमरे में मिली छात्रा की लाश, शरीर पर थे चोट के निशान