ग्वालियर क्रिकेट एसोसिएशन में बड़ा बदलाव, नए चेहरों के साथ मैदान में उतरेंगे महानआर्यमन, संग्राम कदम बने GDCA अध्यक्ष
मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एमपीसीए) के अध्यक्ष महानआर्यमन सिंधिया ने ग्वालियर डिवीजन क्रिकेट एसोसिएशन (जीडीसीए) की नई कार्यकारिणी का एलान कर लंबे स ...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 09 Apr 2026 10:01:57 PM (IST)Updated Date: Thu, 09 Apr 2026 10:19:42 PM (IST)
ग्वालियर क्रिकेट में बड़ा बदलाव।HighLights
- ग्वालियर क्रिकेट में बड़ा बदलाव।
- मैदान में उतरेंगे महानआर्यमन।
- संग्राम कदम बने GDCA अध्यक्ष।
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एमपीसीए) के अध्यक्ष महानआर्यमन सिंधिया ने ग्वालियर डिवीजन क्रिकेट एसोसिएशन (जीडीसीए) की नई कार्यकारिणी का एलान कर लंबे समय से चल रहे कयासों पर विराम लगा दिया है।
नई टीम में कई अहम बदलाव करते हुए उन्होंने सेवानिवृत्त आईएएस प्रशांत मेहता की जगह संग्राम कदम को अध्यक्ष मनोनीत किया है, जबकि सचिव पद की जिम्मेदारी विजयप्रकाश शर्मा ‘बेटू’ को सौंपी गई है।
प्रशांत मेहता फिलहाल मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग (एमपीएल) की गवर्निंग काउंसिल में चेयरमैन बने रहेंगे। वहीं, मार्च 2020 से सचिव का दायित्व संभाल रहे वरिष्ठ क्रिकेटर संजय आहूजा ‘नान्चू’ को इस बार कार्यकारिणी में जगह नहीं मिली है।
सिंधिया की कार्यशैली से प्रेरित होकर क्रिकेट को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का संकल्प
एमपीसीए अध्यक्ष बनने के बाद महानआर्यमन सिंधिया पहली बार कैप्टन रूपसिंह स्टेडियम पहुंचे, जहां उन्होंने करीब 50 मिनट रुककर नई टीम के साथ चर्चा की। अपने पिता और दादा स्व. माधवराव सिंधिया की कार्यशैली से प्रेरित होकर उन्होंने क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प दोहराया।
नई कार्यकारिणी में पूर्व सचिव निर्भय बाकलीवाल ‘झब्बू’ की उपाध्यक्ष पद पर वापसी कराई गई है। वर्ष 1997 से 2004 तक सचिव रहे झब्बू का अनुभव जीडीसीए के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसके अलावा, तीन दशक से अधिक समय तक कोषाध्यक्ष रहे सीए वीरेंद्र बापना को विश्राम देते हुए उनकी जगह विकास गंगवाल को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नई टीम के सामने बड़ी चुनौतियां और लक्ष्य
सचिव बनाए गए विजयप्रकाश शर्मा लगातार तीसरी बार महत्वपूर्ण भूमिका में आए हैं। उन्हें पिछले वर्ष एमपीसीए और एमपीएल में सदस्य बनाया गया था। संग्राम कदम भी एमपीएल में सदस्य हैं। अब दोनों को जीडीसीए में बड़ी जिम्मेदारी मिलने के बाद एमपीएल में उनके स्थान पर नए सदस्यों की नियुक्ति संभावित मानी जा रही है।
नव-मनोनीत अध्यक्ष संग्राम कदम ने कहा कि महानआर्यमन जी ने जिस भरोसे के साथ मुझे जिम्मेदारी दी है, उसे पूरी निष्ठा से निभाऊंगा। वहीं सचिव विजयप्रकाश शर्मा ने बताया कि उनकी कोशिश रहेगी कि ग्वालियर में अधिक से अधिक क्रिकेट गतिविधियां हों और क्लब क्रिकेट को बढ़ावा मिले।
जीडीसीए की नई कार्यकारिणी की सूची
जीडीसीए की नई टीम में संग्राम कदम को अध्यक्ष, विजय प्रकाश शर्मा 'बेटू' को सचिव, निर्भय बाकलीवाल 'झब्बू' को उपाध्यक्ष और विकास गंगवाल को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। संजय सांखला (शिवपुरी) संयुक्त सचिव और बीके शर्मा चेयरमैन ऑफ सिलेक्टर्स बनाए गए हैं। कार्यकारिणी सदस्यों में रमेश अग्रवाल, अंकुर मोदी, डॉ. पुनीत रस्तोगी, अनंत पुरोहित, रामाधर चौबे और सुनील गुप्ता शामिल हैं।