ग्वालियर में लव मैरिज का खौफनाक बदला: नाराज पिता ने दामाद के घर चलवाया बुलडोजर, दहशत में परिवार ने छोड़ा गांव
ग्वालियर के घाटीगांव क्षेत्र के घेंघोली गांव में बेटी के प्रेम विवाह से नाराज पिता ने दामाद के घर बुलडोजर चलवा दिया। ...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 26 Feb 2026 11:35:31 PM (IST)Updated Date: Thu, 26 Feb 2026 11:35:31 PM (IST)
ग्वालियर में बेटी के प्रेम विवाह से नाराज पिता ने दामाद के घर बुलडोजर चलवा दिया। (AI Generated Image)HighLights
- तीन कमरों को किया गया ध्वस्त
- पांच माह बाद दर्ज हुई FIR
- आरोपित अब तक पुलिस गिरफ्त से दूर
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। घाटीगांव क्षेत्र के घेंघोली गांव में प्रेम विवाह से नाराज पिता द्वारा दामाद के घर बुलडोजर चलवाने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद पीड़ित परिवार दहशत में है और पिछले पांच महीनों से गांव छोड़कर रिश्तेदारों के यहां रहने को मजबूर है।
10 अगस्त को की थी शादी
घेंघोली निवासी रामलखन गुर्जर ने पिछले वर्ष 10 अगस्त को गांव के ही निवासी गिर्राज गुर्जर की बेटी से विवाह किया था। दोनों एक-दूसरे से प्रेम करते थे, लेकिन लड़की के पिता गिर्राज इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं थे। बताया गया कि बेटी द्वारा घर से भागकर शादी करने के बाद गिर्राज नाराज हो गया।
घर पर चलवाया बुलडोजर, तीन कमरे तोड़े
आरोप है कि गिर्राज ने पहले रामलखन के स्वजनों के साथ मारपीट की। इसके बाद दामाद के घर पर बुलडोजर चलवा दिया गया। इस कार्रवाई में घर के तीन कमरों को तोड़ दिया गया। अचानक हुई इस घटना से परिवार में भय का माहौल बन गया और सभी सदस्य गांव छोड़कर चले गए।
पांच माह बाद दर्ज हुई FIR
घटना के बाद पीड़ित परिवार लगातार भय में रहा और करीब पांच महीनों तक गांव से बाहर रहा। बाद में पुलिस अधिकारियों से शिकायत की गई, जिसके बाद इस मामले में एफआईआर दर्ज की गई। हालांकि, अब तक गिर्राज और अन्य आरोपित पुलिस की गिरफ्त में नहीं आ सके हैं।
परिवार अब भी दहशत में
रामलखन के बड़े भाई बनिया गुर्जर का कहना है कि रामलखन और उसकी पत्नी फिलहाल गांव में नहीं हैं। उन्होंने प्रेम विवाह किया, जिसकी सजा उन्हें दी जा रही है। परिवार को अब भी अपनी सुरक्षा की चिंता सता रही है।
घर पर बुलडोजर चलवाने के मामले में FIR दर्ज की है। आरोपित की तलाश जारी है।
- पूरन शर्मा, थाना प्रभारी, घाटीगांव