
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर।अब दिन के साथ-साथ रात का तापमान भी बढ़ने लगा है। हालांकि रविवार को दिन का तापमान शनिवार की स्थिति में लगभग स्थिर रहा, लेकिन रात के तापमान में 2.3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। रात का तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
मौसम विभाग का क्या कहना
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, अभी दिन और रात का तापमान सामान्य से कम बना हुआ है, लेकिन आगामी दो से तीन दिन में तापमान में दो से तीन डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। इससे अंचल में गर्मी और बढ़ जाएगी। सप्ताह के अंत तक हीटवेव चलने की संभावना भी जताई गई है।
रात का तापमान लगातार बढ़ रहा
मई माह में आमतौर पर तापमान 41 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहता है, लेकिन वर्तमान में अधिकतम तापमान सामान्य से 3.1 डिग्री कम है। इसके बावजूद रात का तापमान लगातार बढ़ रहा है और रातें गर्म होने लगी हैं। रविवार को भी रात का तापमान सामान्य से 0.7 डिग्री कम रहा, लेकिन आगामी दो दिनों में इसके 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।
चार दिनों में 41 से 42 डिग्री सेल्सियस तक तापमान
इसके साथ ही दिन का तापमान भी अगले तीन से चार दिनों में 41 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार देश के अलग-अलग हिस्सों में कई मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं, लेकिन उनका असर अब अंचल में नहीं दिख रहा है। ऐसे में आसमान साफ है और तेज धूप निकल रही है, जिससे मौसम शुष्क होता जा रहा है और तापमान बढ़ रहा है।
| विवरण | तापमान |
| अधिकतम तापमान | 38.4 डिग्री सेल्सियस |
| न्यूनतम तापमान | 25.4 डिग्री सेल्सियस |
| समय | तापमान |
| 05:30 बजे | 26.2 डिग्री सेल्सियस |
| 08:30 बजे | 28.4 डिग्री सेल्सियस |
| 11:30 बजे | 34.6 डिग्री सेल्सियस |
| 2:30 बजे | 37.2 डिग्री सेल्सियस |
| 5:30 बजे | 37.2 डिग्री सेल्सियस |