जीआरएमसी ग्वालियर में पैरामेडिकल छात्रों का प्रदर्शन: डीन पर धमकाने का आरोप, गेट बंद कर डॉक्टरों को रोका
GRMC समाचार: छात्रों की मांग है कि प्रबंधन उनकी समस्याओं का निराकरण करने के लिए स्पष्ट और लिखित आश्वासन दे, ताकि उन्हें बार-बार प्रदर्शन करने के लिए म...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 09 Oct 2026 08:54:11 PM (IST)Updated Date: Fri, 09 Oct 2026 08:54:31 PM (IST)
पैरामेडिकल छात्रों से बात करते जीआरमएसी डीन डॉ. आरकेएस धाकड़। नईदुनियाHighLights
- 16 सूत्रीय मांगों को लेकर बंद किया मुख्य गेट
- 40 में से 37 छात्र फेल होने पर जताई नाराजगी
- प्रबंधन ने 12 अक्टूबर को चर्चा के लिए बुलाया
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। गजराराजा चिकित्सा महाविद्यालय (जीआरएमसी) में 16 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे पैरामेडिकल छात्रों ने डीन डॉ. आरकेएस धाकड़ पर धमकाने और दबाव बनाने का आरोप लगाया है। छात्रों का कहना है कि मांगों को लेकर बातचीत के दौरान डीन ने उन्हें धमकाया और पुलिस से पिटवाने की बात कही। छात्रों ने आरोप लगाया कि उनकी समस्याओं को सुनने और समाधान का भरोसा देने के बजाय उन पर दबाव बनाया गया।
छात्र महाविद्यालय का मुख्य गेट बंद कर प्रदर्शन कर रहे थे। इससे डाक्टर व स्टाफ महाविद्यालय में प्रवेश नहीं कर सके। स्थिति को संभालने के लिए महाविद्यालय प्रबंधन को पुलिस बुलानी पड़ी। राष्ट्रीय कान्फ्रेंस में आए चिकित्सको को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि वे लंबे समय से छात्रवृत्ति, स्टाइपेंड, छात्रावास, परीक्षा व्यवस्था और रोजगार सहित अन्य समस्याओं के समाधान की मांग कर रहे हैं। इसके बावजूद उनकी मांगों पर गंभीरता से कार्रवाई नहीं की जा रही है। छात्रों की मांग है कि प्रबंधन उनकी समस्याओं का निराकरण करने के लिए स्पष्ट और लिखित आश्वासन दे, ताकि उन्हें बार-बार प्रदर्शन करने के लिए मजबूर न होना पड़े।
16 मांगों में छात्रवृत्ति से लेकर रोजगार तक के मुद्दे
छात्रों की 16 सूत्रीय मांगों में छात्रवृत्ति और स्टाइपेंड का नियमित भुगतान, छात्रावास एवं आवास की सुविधा, परीक्षाओं और परिणामों की समयबद्धता, शुल्क वृद्धि पर रोक और रोजगार में प्राथमिकता शामिल हैं। इसके अलावा पुस्तकालय, खेलकूद और व्यायामशाला की सुविधाएं विकसित करने, इंटर्नशिप लागू करने तथा डिग्री और प्रोविजनल सर्टिफिकेट समय पर उपलब्ध कराने की मांग भी की गई है।
40 में से 37 छात्र फेल होने पर भी नाराजगी
पैरामेडिकल छात्र एनेस्थीसिया टेक्नीशियन पाठ्यक्रम के सत्र 2023-24 के परीक्षा परिणाम को लेकर भी नाराज हैं। छात्रों के अनुसार, इस सत्र में 40 में से 37 विद्यार्थियों को अनुत्तीर्ण घोषित कर दिया गया। छात्रों में इस परिणाम को लेकर असंतोष है और वे परीक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। उनका कहना है कि इस मामले की भी जांच कराई जानी चाहिए और विद्यार्थियों की समस्याओं का उचित समाधान होना चाहिए।
12 अक्टूबर को बातचीत के लिए बुलाया
छात्र अनुज गोयल ने बताया कि दोपहर में अधिष्ठाता डॉ. धाकड़ ने मिलने गए थे उन्होंने 12 अक्टूबर को बुलाया है। साथ ही मांगों पर चर्चा करने का आश्वासन दिया है। छात्रों ने कहा कि मांगों पर संतोषजनक पहल नहीं होने पर विरोध जारी रहेगा।