ग्वालियर पुलिस की बड़ी कार्रवाई... चोरी का सोना-चांदी खरीदने वाला सराफा कारोबारी दबोचा, 11 लाख का माल बरामद
ग्वालियर की इंदरगंज पुलिस ने चोरी के जेवर खरीदने वाले एक सराफा कारोबारी को गिरफ्तार कर 11 लाख रुपये का माल बरामद किया है। मामले में नाबालिग सहित तीन आ ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 15 May 2026 09:11:38 PM (IST)Updated Date: Fri, 15 May 2026 09:11:38 PM (IST)
सोना-चांदी खरीदने वाला कारोबारी गिरफ्तार। (AI से जेनरेट किया गया इमेज)HighLights
- ग्वालियर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
- सोना-चांदी खरीदने वाला कारोबारी दबोचा
- नाबालिग के जरिए खपाया जाता था माल
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। इंदरगंज थाना पुलिस ने चोरी का माल खरीदने वाले एक सराफा कारोबारी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 11 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के जेवर बरामद किए हैं। मामले में एक नाबालिग समेत तीन आरोपितों को पकड़ा जा चुका है, जबकि दो आरोपित अभी फरार हैं।
पुलिस के मुताबिक दो दिन पहले चोरी के आरोप में आकाश माहौर को पकड़ा गया था। पूछताछ में उसने बृज बिहार कॉलोनी में हुई चोरी की वारदात का खुलासा किया।
नाबालिग के जरिए खपाया जाता था माल
जांच में सामने आया कि चोरी का माल एक नाबालिग के माध्यम से सराफा बाजार में बेचा जाता था। इसके बाद पुलिस ने नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें सराफा बाजार स्थित 'राजस्थान ज्वेलर्स' के संचालक विशाल सोनी का नाम सामने आया।
सूचना मिलते ही पुलिस ने विशाल सोनी को गिरफ्तार कर उसके प्रतिष्ठान की तलाशी ली। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब दो किलो चांदी और 31 ग्राम से अधिक सोने के जेवर बरामद किए।
बड़ी मात्रा में आभूषण बरामद
बरामद माल में सोने की चेन, अंगूठियां, मंगलसूत्र, झुमके समेत बड़ी मात्रा में चांदी के आभूषण शामिल हैं। थाना प्रभारी दीप्ति तोमर ने बताया कि बरामद जेवरों के संबंध में शहर की अन्य चोरी की वारदातों की भी जांच की जा रही है। वहीं नाबालिग आरोपी को किशोर न्याय बोर्ड में पेश करने के बाद बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया है।
सीएसपी रोबिन जैन ने बताया कि मामले में फरमान खान और विवेक प्रजापति फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस को उम्मीद है कि आरोपितों के पकड़े जाने के बाद शहर में हुई अन्य चोरियों का भी खुलासा हो सकता है।