
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट) महिला न्यायाधीश की अदालत ने नाबालिगों से जुड़े दो अलग-अलग मामलों में जमानत आवेदनों पर सुनवाई करते हुए महत्वपूर्ण फैसले सुनाए। अदालत ने एक तरफ जहां 15 वर्षीय छात्रा के साथ दुष्कर्म करने के आरोपित ट्यूशन टीचर की जमानत याचिका को अपराध की गंभीरता देखते हुए खारिज कर दिया।
वहीं, दूसरी ओर जनकगंज थाना क्षेत्र के एक मामले में 50 दिनों से जेल में बंद आरोपी को सशर्त जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया है।
जानकारी के अनुसार, थाटीपुर पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत दर्ज अपराध में आरोपित सत्यजीत शाक्य (26 वर्ष, निवासी मुरैना) की ओर से प्रस्तुत प्रथम नियमित जमानत आवेदन को कोर्ट ने निरस्त कर दिया।
अभियोजन और केस डायरी के अनुसार, 15 वर्षीय नाबालिग पीड़िता ने अपने बयानों में बताया कि ट्यूशन पढ़ाने वाले आरोपी शिक्षक ने उसे जबरदस्ती कोचिंग पर बुलाया और उसका मुंह बंद कर उसके साथ दुष्कर्म किया।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर में 10वीं की छात्रा से दरिंदगी, 50 रुपये देने के बहाने घर ले गया; बंधक बनाकर किया दुष्कर्म
नाबालिग के साथ दुष्कर्म बेहद गंभीर
कोर्ट ने टिप्पणी की कि एक शिक्षक होते हुए 16 वर्ष से कम उम्र की बालिका के साथ इस तरह का कृत्य करना अत्यंत गंभीर है। समाज में अवयस्क बालिकाओं के प्रति बढ़ रहे अपराधों को देखते हुए आरोपी को जमानत का लाभ देना न्यायोचित नहीं है।
वहीं, दूसरे मामले में, पुलिस थाना जनकगंज के अपराध में आरोपित अब्दुल वहीद की जमानत अर्जी को अदालत ने स्वीकार कर लिया। कोर्ट ने 50,000 रुपये की सक्षम जमानत व इतनी ही राशि के बंधपत्र पर रिहा करने का आदेश दिया। साथ ही सख्त हिदायत दी कि वह पीड़िता या गवाहों को डराएगा-धमकाएगा नहीं, जांच में सहयोग करेगा और ट्रायल के दौरान अनावश्यक स्थगन नहीं लेगा।
यह भी पढ़ें- 'किसी की औकात नहीं जो मुझे चुनाव का टिकट दे, मैं खुद तय करती हूं', ग्वालियर में दिखे उमा भारती के तीखे तेवर