सीआरपीएफ जवान की नाबालिग बेटी से 21 लाख रुपये ठगने वाला क्रिमिनल ब्वॉयफ्रेंड अब तक फरार, बदमाश पर लूट- डकैती और जानलेवा हमलों जैसे 15 केस हैं दर्ज
बदमाश आदित्य भदौरिया लगातार फोन पर छात्रा को धमका रहा है। बार-बार केस वापस लेने की धमकी दे रहा है। अब एसएसपी धर्मवीर सिंह ने आरोपी को पकड़ने के निर्दे...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 02 Jul 2026 09:45:33 AM (IST)Updated Date: Thu, 02 Jul 2026 11:51:06 AM (IST)
एआई से बना चित्र।HighLights
- फोन पर बोला-केस वापस लो वर्ना जान से मार दूंगा
- खुद को छात्र बताकर नाबालिग को प्रेम जाल में फंसाया
- एक्सीडेंट का ड्रामा रचकर हड़पे रुपये
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। लूट-डकैती जैसे सनसनीखेज 15 आपराधिक प्रकरण- ऐसा खतरनाक बदमाश खुद को छात्र बताकर 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा से दोस्ती करता है। उसे प्रेम जाल में फंसाता है। फिर खुद के इलाज के नाम पर 20 लाख रुपये के गहने और एक लाख रुपये नकद ठग लेता है। जब छात्रा और उसकी मां ने महाराजपुरा थाने में एफआइआर कराई तो शहर से भाग गया।
लगातार दे रहा है धमकी
अब वह 28 दिन से फरार है, पुलिस पकड़ नहीं सकी है। वह लगातार फोन पर छात्रा को धमका रहा है। बार-बार केस वापस लेने की धमकी दे रहा है। अब एसएसपी धर्मवीर सिंह ने आरोपी को पकड़ने के निर्देश महाराजपुरा पुलिस को दिए हैं, साथ ही गिरफ्तारी पर दस हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।
छात्रा सीआरपीएफ जवान की है बेटी
महाराजपुरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत शताब्दीपुरम में रहने वाली सीआरपीएफ जवान की नाबालिग बेटी से आदित्य भदौरिया निवासी डीडी नगर ने दोस्ती की थी। उसने खुद को छात्र बताया और छात्रा से दोस्ती कर ली। फोन पर बात करने लगा। फिर उसने छात्रा को फोन किया। चार मई को छात्रा से कहा- उसका खतरनाक एक्सीडेंट हो गया है, उसका बचना मुश्किल है। अब वह जीवित नहीं रह पाएगा।
अब केस वापसी की धमकी
इलाज पर बहुत खर्च हो रहा है। उसे धन की जरूरत है। छात्रा से उसने एक लाख रुपये नकद लिए। फिर छात्रा से उसकी मां के गहने भी घर से मंगवा लिए। जब घर से गहने गायब दिखे तो छात्रा से पूछा। उसने अपनी मां को पूरी घटना बताई। छात्रा की मां ने जब फोन पर बात की तो बोला कि दो जून को रुपये और गहने लौटा देगा। इसके बाद भी जब रुपये नहीं लौटाए तो मां-बेटी ने थाने पहुंचकर शिकायत की। तभी से आदित्य भदौरिया फरार चल रहा है। अब उसने केस वापस लेने के लिए धमकाना शुरू कर दिया है।
पहले बोला- रुपये लौटा दूंगा, फिर कहा- जुए और सट्टे में हार गया
आरोपी आदित्य भदौरिया ने बहुत ही शातिर तरीके से फंसाया। जब छात्रा की मां ने कहा तो बोला कि दो जून तक रुपये, गहने लौटा देगा। अब बोल रहा है कि वह पूरी रकम जुआ और सट्टे में हार गया है।
अब पुराने केसों में जमानत भी रद कराएगी पुलिस: आदित्य भदौरिया पर पूर्व में भी लूट, डकैती जैसे केस हैं। इन मामलों में वह जमानत पर बाहर है। अब पुलिस जमानत भी रद कराएगी।
एसएसपी ने 10 हजार रु. का इनाम किया घोषित: आरोपी आदित्य भदौरिया की गिरफ्तार के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।