ग्वालियर में दर्दनाक हादसा: एयरपोर्ट रोड पर तेज रफ्तार बस ने ऑटो को मारी टक्कर, महिला का हाथ कटकर गिरा; बेटी गंभीर
महिला के हाथ से खून का फव्वारा निकलने लगा और वह अचेत होकर गिर पड़ीं। उनकी बेटी व अन्य लोग भी घायल हो गए।
Publish Date: Thu, 13 Aug 2026 09:58:44 AM (IST)Updated Date: Thu, 13 Aug 2026 09:59:33 AM (IST)
एआई से बना चित्र।HighLights
- मंदिर से लौटते समय हुआ भीषण हादसा
- महिला की हालत नाजुक, बेटी भी घायल
- फरार बस चालक पर एफआईआर दर्ज
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर के महाराजपुरा इलाके में एयरपोर्ट रोड के पास तेज रफ्तार बस ने ऑटो में टक्कर मार दी। इस हादसे में ऑटो में सवार महिला का हाथ कंधे से कटकर नीचे गिर गया। आठ साल की बेटी भी गंभीर रूप से घायल हो गई। बस चालक भाग निकला। पुलिस ने महिला व अन्य लोगों को अस्पताल भेजा। बस चालक पर एफआईआर दर्ज कर ली है।
हजीरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत रानीपुरा इलाके में रहने वाली बालवती कुशवाह गिरगांव महादेव दर्शन के लिए गई थीं। उनके साथ उनकी बेटी वैष्णवी, पड़ोस में रहने वाली सपना तोमर और सुभाष ओझा भी थे। यह लोग ऑटो से लौट रहे थे। एयरपोर्ट तिराहे के पास तेज रफ्तार बस एमपी07 पी 0776 के चालक ने टक्कर मार दी।
इस हादसे में बालवती का तो हाथ ही कटकर अलग गिर पड़ा। हाथ से खून का फव्वारा निकलने लगा और वह अचेत होकर गिर पड़ीं। उनकी बेटी व अन्य लोग भी घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस यहां पहुंची। घायलों को अस्पताल ले जाया गया। बालवती की हालत गंभीर बताई गई है।