
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। बिजली लाइनों के रखरखाव के नाम पर होने वाली कटौती से अब उपभोक्ताओं को राहत देगी। मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी ने ग्वालियर समेत प्रदेशभर में एक्स्ट्रा हाइ वोल्टेज (ईएचवी) ट्रांसमिशन लाइनों और सब-स्टेशनों के रखरखाव के लिए बेयर हैंड और हाट लाइन मेंटेनेंस तकनीक लागू कर दी है। इस तकनीक के जरिए बिजली आपूर्ति बंद किए बिना ही ट्रांसमिशन लाइनों की मरम्मत और रखरखाव किया जा सकेगा।
नई व्यवस्था से न केवल अनावश्यक शटडाउन कम होंगे, बल्कि बिजली आपूर्ति की विश्वसनीयता भी बढ़ेगी और फाल्ट की स्थिति में तेजी से सुधार कार्य हो सकेगा। अब तक ट्रांसमिशन लाइनों के रखरखाव के लिए संबंधित लाइन को कुछ समय के लिए बंद करना पड़ता था। इसके कारण कई क्षेत्रों में घंटों बिजली आपूर्ति प्रभावित होती थी।
नई तकनीक में विशेष प्रशिक्षण प्राप्त इंजीनियर और तकनीकी कर्मचारी अत्याधुनिक सुरक्षा उपकरणों की मदद से चालू (लाइव) लाइन पर ही मरम्मत और रखरखाव का कार्य करेंगे। इससे उपभोक्ताओं को बिजली कटौती का सामना नहीं करना पड़ेगा।
कंपनी अब पारंपरिक ब्रेकडाउन मेंटेनेंस के बजाय प्रिवेंटिव और प्रेडिक्टिव मेंटेनेंस पर जोर दे रही है। नियमित निरीक्षण, थर्मल स्कैनिंग, परीक्षण और आधुनिक मानिटरिंग तकनीकों के माध्यम से संभावित खराबियों की पहले ही पहचान कर उन्हें दूर किया जाएगा। इससे अचानक होने वाले फाल्ट, ट्रिपिंग और बड़े बिजली व्यवधान की घटनाएं कम होंगी।
बेयर हैंड और हाट लाइन मेंटेनेंस तकनीक से बिना बिजली बंद किए रखरखाव संभव होगा। साथ ही प्रिवेंटिव और प्रेडिक्टिव मेंटेनेंस के जरिए संभावित खराबियों की पहले ही पहचान कर उन्हें दूर किया जा रहा है, जिससे शटडाउन और फाल्ट की घटनाओं में कमी आएगी। शशिकांत ओझा, जनसंपर्क अधिकारी, मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी
ये खबर भी पढ़ें- MP में मंत्री प्रतिमा बागरी की कुर्सी पर संकट? छानबीन समिति ने 6 जुलाई को किया तलब; साक्ष्य जुटाने गांव में डोंडी पिटवाई जाएगी