ग्वालियर में बीच सड़क पर 'तीन तलाक'... शौहर ने पत्नी को पीटा और रिश्ता खत्म कर भागा, FIR दर्ज
शहर के महाराजपुरा क्षेत्र में तीन तलाक का संवेदनशील मामला सामने आया है। यहां मुस्लिम महिला को निकाह के करीब छह माह बाद ही उसके पति ने बीच सड़क पर तलाक ...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 30 Apr 2026 07:56:25 PM (IST)Updated Date: Thu, 30 Apr 2026 07:56:25 PM (IST)
ग्वालियर में बीच सड़क पर 'तीन तलाक'नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर के महाराजपुरा क्षेत्र में तीन तलाक का संवेदनशील मामला सामने आया है। यहां मुस्लिम महिला को निकाह के करीब छह माह बाद ही उसके पति ने बीच सड़क पर तलाक, तलाक, तलाक बोलकर रिश्ता खत्म कर लिया। महिला चार माह तक उसका इंतजार करती रही। कई बार फोन पर बात करने की कोशिश की, लेकिन न तो वह महिला को लेने आया, यहां तक कि फोन तक उठाना बंद कर दिया।
परेशान होकर महिला ने महाराजपुरा थाने में शिकायत की। इस मामले में पुलिस ने मुस्लिम महिला (विवाह पर अधिकार का संरक्षण) अधिनियम, 2019 की धारा-4 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2) में एफआइआर दर्ज कर ली है। आरोपित आगरा का रहने वाला है। अब पुलिस उसकी गिरफ्तारी करेगी।
चार माह में तीन बार निकाला घर से
महाराजपुरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत बीएसएफ कालोनी में रहने वाली 24 वर्षीय समायरा खान का निकाह 10 जून को मुस्लिम रीति रिवाज से आगरा के रहने वाले अशमन पुत्र शमशाद खान से हुआ था। निकाह के बाद से ही वह उसे प्रताड़ित करने लगा। शादी के महज एक माह बाद ही मारपीट कर घर से निकाल दिया। इसके बाद वह घर पहुंची तो फिर प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। शादी के चार माह में वह तीन बार उसे घर से निकाल चुका था। पीड़िता ग्वालियर आ गई। यहां वह अपने घर रह रही थी।
ग्वालियर आकर बीच सड़क पर दिया तलाक
17 दिसंबर 2025 को वह अशमन खान ग्वालियर आया। दीनदयाल गेट के पास बीच सड़क पर उसकी मारपीट करने लगा। इसके बाद सड़क पर ही तीन बार तलाक बोलकर कहा- अब रिश्ता खत्म, वह उसकी पत्नी नहीं है। इसके बाद वह चला गया। महिला को लगा कि वह गुस्से में ऐसा कह रहा है। अब तक महिला ने उसका इंतजार किया, जब उसने फोन तक उठाना बंद कर दिया, फिर पीड़िता ने शिकायत की। इस मामले में पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर ली है।