गोपाचल पर्वत पर पूजा से रोकने पर बवाल, वीडियो वायरल
जैन समाज के लोगों ने इस घटनाक्रम को लेकर गोपाचल पर्वत पर बैठक भी की। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाया और फिलहाल आवेदन की जांच शुरू कर दी है। ...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 14 May 2026 08:07:09 AM (IST)Updated Date: Thu, 14 May 2026 08:07:33 AM (IST)
एक बुजुर्ग अजीत बरैया के गाल पर चांटा मारते हुए। दूसरे चित्र में शिकायत करने सीएसपी के कार्यालय पहुंचे जैन समाज के लोग। नईदुनियाHighLights
- श्रद्धालुओं और ट्रस्ट महामंत्री में मारपीट
- दो दिन पहले से शुरू हुआ था विवाद
- मंदिर परिसर में चले लात-घूंसे
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। फूलबाग स्थित गोपाचल पर्वत पर श्रीदिगंबर जैन मंदिर पर श्रद्धालुओं को पूजा अर्चना से रोकने पर मारपीट का मामला सामने आया है। मंगलवार को गोपाचल पर्वत पर पास ही रहने वाले डीके जैन पूजा करने पहुंचे थे, तभी यहां गोपाचल पर्वत ट्रस्ट के महामंत्री अजीत बरैया ने रोका और विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट हो गई। डीके जैन की आंख के पास चोट लगी और उनका आरोप है कि अजीत बरैया द्वारा मारपीट की गई।
पड़ाव थाने शिकायत करने पहुंचे
बुधवार को जब अधिक संख्या में वहां श्रद्धालु पहुंचे तो यहां अजीत बरैया भी आ गए और फिर विवाद हो गया। एक रोज पहले का आक्रोश और बढ़ गया और अजीत बरैया व श्रद्धालुओं में मारपीट हो गई। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बहुप्रसारित हुआ है। इसके बाद शाम को दोनों पक्षों की ओर से पड़ाव थाने में शिकायती आवेदन दिया गया। जैन समाज के लोगों ने इस घटनाक्रम को लेकर गोपाचल पर्वत पर बैठक भी की। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाया और फिलहाल आवेदन की जांच शुरू कर दी है।
यह है मामला
गोपाचल पर्वत पर श्रीदिगंबर जैन मंदिर है और यहां ट्रस्ट के महामंत्री अजीत बरैया हैं। अजीत बरैया यहां देखरेख करते हैं। मंगलवार को श्रद्धालु डीके जैन यहां पूजा अर्चना के लिए पहुंचे थे। उनका आरोप है कि यहां अजीत बरैया ने पूजा अर्चना करने से मना किया और विवाद करने लगे। दोनों के बीच विवाद काफी हो गया। बुधवार को डीके जैन व अन्य श्रद्धालु भी यहां पूजा के लिए पहुंचे तो अजीत बरैया के आते ही एक दिन पहले हुए घटनाक्रम को लेकर लोग सवाल पूछने लगे। पूजा अर्चना से रोकने को लेकर पूछा गया जिस दौरान फिर विवाद हो गया।
आरोप है कि यहां अजीत बरैया ने मुक्का मारा और डीके जैन की आंख बाल बाल बच गई। इस मामले में बुधवार के घटनाक्रम का जो वीडियो बहुप्रसारित हुआ है उसमें लोग अजीत बरैया से आक्रोशित होकर सवाल पूछ रहे हैं और पीछे से बुजुर्ग बरैया को हाथ से पीठ पर मार रहे हैं, इसी बीच एक बुजुर्ग आकर अजीत बरैया को चांटा मार देता है तो जवाब में बरैया भी चांटा जड़ रहे हैं। मारपीट और विवाद से नाराज श्रद्धालु पड़ाव थाने पहुंचे और अजीत बरैया के खिलाफ शिकायती आवेदन दिया। श्रद्धालुओं ने बरैया पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि धार्मिक स्थल पर इस तरह की घटना से आस्था को ठेस पहुंची है और मंदिर की शांति व्यवस्था प्रभावित हुई है।
दोनों पक्षों के आवेदन, पुलिस ने दिया समय: दोनों पक्षों की ओर से आवेदन सीएसपी राबिन जैन को दिए गए हैं। सीएसपी जैन ने दोनों पक्षों से संवाद किया। समाज का मामला होने के नाते दोनों पक्षों को थोड़ा समय दिया गया है और आपसी समन्वय न होने पर एफआइआर दर्ज की जाएगी।