

नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। बिजली सुधार कार्य के दौरान गंभीर रूप से झुलसे लाइनमैन हरिओम शर्मा को न्याय दिलाने के लिए उनका बेटा हिमांशु शर्मा मंगलवार को ऑक्सीजन सिलेंडर लेकर एसपी कार्यालय की जनसुनवाई में पहुंच गया। बेटे का कहना है कि हादसे को करीब चार महीने बीत चुके हैं, लेकिन अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।
उसका आरोप है कि वह कई बार पुलिस अधिकारियों के समक्ष शिकायत कर चुका है, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। हिमांशु का कहना है कि गंभीर रूप से झुलसे उसके पिता को लगातार ऑक्सीजन की जरूरत पड़ रही है। इसके बावजूद परिवार को न्याय के लिए थाने और पुलिस अधिकारियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
उसने चेतावनी दी कि यदि अब भी शिकायत पर कार्रवाई नहीं हुई तो वह पिता हरिओम शर्मा को ऑक्सीजन सिलेंडर के साथ सीधे एसपी कार्यालय लाकर लिटा देगा। जनसुनवाई में पहुंचने पर कार्यालय के बाहर सुरक्षाकर्मियों ने युवक से ऑक्सीजन सिलेंडर ले लिया और उसे जनसुनवाई में भेजा।
स्वजन के अनुसार 28 अप्रैल 2026 को हजीरा थाना क्षेत्र के बिरला नगर स्थित खाटू श्याम मंदिर के पास लाइन नंबर-1 पर विद्युत सुधार कार्य के दौरान हरिओम शर्मा गंभीर हादसे का शिकार हो गए थे। हादसे में वह बुरी तरह झुलस गए थे। परिवार का आरोप है कि बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की कथित लापरवाही तथा सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण यह हादसा हुआ।
हादसे के बाद से हरिओम शर्मा की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें लगातार ऑक्सीजन सपोर्ट की आवश्यकता पड़ रही है। परिवार का कहना है कि पिता के इलाज और उनकी देखभाल के साथ-साथ अब बेटे को पुलिस से एफआईआर दर्ज कराने के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है।
परिवार ने बिजली विभाग के कुछ अधिकारियों और कर्मचारियों पर सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही के आरोप लगाए हैं। इनमें एसटीएम की उपमहाप्रबंधक प्रीति बरैया, बिरला नगर जोन के प्रबंधक रोहित सिंह, एसटीसी के सहायक प्रबंधक शशांक कुलश्रेष्ठ और सब-स्टेशन ऑपरेटर मोहसिन बेग के नाम शामिल हैं। हालांकि इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
हिमांशु के मुताबिक वह हजीरा थाना पुलिस और पुलिस अधिकारियों को दो बार आवेदन दे चुका है। इसके बावजूद मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की गई। उसका कहना है कि पिता की हालत लगातार गंभीर है और वह ऑक्सीजन सिलेंडर लेकर कई अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर लगा चुका है। अब वह इस मामले में जल्द कार्रवाई चाहता है।
यह भी पढ़ें- स्कॉर्पियो लेकर सीधे प्लेटफार्म 1 तक घुसा ड्राइवर, ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर अफरा तफरी मची…RPF को भी चकमा दिया