
नवदुनिया प्रतिनिधि, हरदा। टिमरनी थाना क्षेत्र के छिदगांव मेल में गौकशी के मामले को लेकर पूछताछ के लिए बुलाए गए व्यक्ति ने थाना परिसर में जहर का सेवन कर खुदकुशी कर ली। शनिवार देर शाम पूछताछ के लिए बुलाए गए पिपल्या कला निवासी रामदास कोरकू ने थाना परिसर में जहर का सेवन करने के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र टिमरनी में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल लाया गया। जहां उपचार के दौरान मौत हो गई।
इसके बाद रविवार सुबह से पोस्मार्टम कराने की प्रक्रिया कराने के लिए पुलिस और प्रशासन स्वजनों को समझाइश दे रहे हैं। लेकिन स्वजन न्यायिक जांच और जांच अधिकारी को निलंबित करने की मांग पर अड़े हुए हैं। सुबह से दोपहर 12 बजे तक मांग पूरी नहीं होने पर विभिन्न सामाजिक संगठन और विधायक आरके दोगने जिला अस्पताल के मेन गेट पर धरने पर बैठ गए हैं।
मृतक की बड़ी बेटी भवानी बघेला ने बताया कि उनके पिता को पिछले 5-6 दिन से रोज थाने बुलाया जा रहा था। जहां पुलिस पूछताछ के नाम पर प्रताड़ित किया जा रहा था। मृतक के छोटे बेटे भवानी ठाकुर ने बताया कि पुलिस झूठ बोल रही कि उनके पिता शनिवार को दोपहर 2.30 बजे छोड़ दिया गया। जबकि उनके पिता शाम तक थाना परिसर में थे। वहीं उन्होंने ने जहर खाया है। फिलहाल जांच अधिकारी को निलंबित करने और न्यायिक जांच के आदेश होने तक पोस्टमार्टम नहीं कराया जाएगा।
पुलिस ने इस मामले की जांच के लिए पांच टीमें गठित की थीं और संदिग्धों से पूछताछ कर रही थी। इसी क्रम में ग्राम पिपल्याकला निवासी रामदास पिता ओंकारदास कोरकू (60 वर्ष) को भी शनिवार सुबह पूछताछ के लिए टिमरनी थाने बुलाया गया था। शनिवार को एसपी शशांक मिश्रा ने भी पूछताछ की थी। पूछताछ के बाद रामदास ने जहर का सेवन कर लिया। जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद से स्वजन आक्रोशित हैं।
गोवंश की मौत के मामले में चल रही थी जांच यह मामला 26 अप्रैल को टिमरनी थाना क्षेत्र के ग्राम छिदगांवमेल में सामने आया था। गंजालेश्वर आश्रम से पांच गौवंशीय पशुओं को चुराकर रेलवे ट्रैक पर बांध दिया गया था, जिससे ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई थी। इस घटना को लेकर हिंदू संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया था और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी।
यह भी पढ़ें- मोबाइल चलाने से रोका तो नौ साल के बच्चे ने जहर पीकर दे दी जान, MP के झाबुआ जिले की घटना
स्वजनों की मांगों को लेकर पुलिस और प्रशासन आश्वासन दे रहा है। इस संबंध में एसडीओपी शालिनी परस्ते का कहना है कि गौकशी के मामले को लेकर पूछताछ करने के लिए बुलाया था। जहां उससे पूछताछ की गई। किन परिस्थितियों में जहर का सेवन किया है। इसकी जांच की जा रही है।